Saturday, May 9, 2026

झारखंड के कई जिलों में बारिश, तेज हवा और वज्रपात का अलर्ट जारी किया गया है.

Share

रांचीः झारखंड के अलग-अलग हिस्सों में अगले कई दिनों तक बादल, बारिश, तेज हवा और वज्रपात की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं. मौसम केंद्र , रांची की ओर से जारी ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक आज यानी 9 मई को राज्य के कई जिलों में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है. इसके साथ ही तेज हवा, गर्जन और वज्रपात को लेकर विशेष अलर्ट जारी किया गया है.

तेज हवा, ओलावृष्टि और वज्रपात के आसार

मौसम केंद्र के अनुसार आज राज्य के मध्य भाग के जिलों रांची, हजारीबाग, बोकारो, रामगढ़, कोडरमा, गिरिडीह, धनबाद और खूंटी में कहीं-कहीं गर्जन के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है. इन इलाकों में ओलावृष्टि और वज्रपात की भी आशंका जताई गई है. मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की है.

इन इलाकों में भी बदलेगा मौसम

वहीं राज्य के बाकी हिस्सों में भी मौसम का असर देखने को मिलेगा. दक्षिणी झारखंड के पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां जिलों के साथ-साथ उत्तर-पूर्वी झारखंड के देवघर, दुमका, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज में भी कहीं-कहीं गर्जन के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने और वज्रपात होने की संभावना जताई गई है.

नमी की वजह से बादल बनने की प्रक्रिया जारी

मौसम केंद्र का कहना है कि राज्य में फिलहाल वातावरण में नमी बनी हुई है, जिसकी वजह से बादल बनने की प्रक्रिया लगातार जारी है. यही कारण है कि अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज बदला हुआ रहेगा. आज राज्य के अधिकांश हिस्सों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है और कई जगहों पर हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है.

तापमान पर पड़ेगा असर

लगातार बादल और बारिश की गतिविधियों का असर तापमान पर भी देखने को मिलेगा. मौसम केंद्र के अनुसार अगले दो दिनों तक अधिकतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है. यानी लोगों को फिलहाल तेज गर्मी से कुछ राहत मिलती रहेगी. हालांकि इसके बाद अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है.

रांची में कितना रह सकता है तापमान

राजधानी रांची की बात करें तो आज अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. 10 मई को अधिकतम तापमान 31 डिग्री, 11 मई को 32 डिग्री, 12 मई को 33 डिग्री और 13 मई को 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. यानी आने वाले दिनों में तापमान धीरे-धीरे बढ़ने के संकेत हैं, लेकिन बीच-बीच में बारिश की गतिविधियां गर्मी के असर को कम करती रहेंगी.

आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम

मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक 10 मई को भी राज्य में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और कई स्थानों पर हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है. इस दौरान भी कुछ इलाकों में गर्जन और तेज हवा चलने की संभावना बनी रहेगी. 11 और 12 मई को उत्तर-पश्चिमी झारखंड के कुछ हिस्सों को छोड़कर राज्य के अधिकांश जिलों में कहीं-कहीं बारिश और वज्रपात की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है.

वहीं 13 मई को भी मौसम का यही रुख बना रह सकता है. इसके अलावा 14 और 15 मई के लिए भी संकेत दिए गए हैं कि उत्तर-पश्चिमी हिस्सों को छोड़कर झारखंड के कई इलाकों में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश होती रह सकती है. यानी अगले एक सप्ताह तक राज्य में मौसम पूरी तरह साफ रहने की संभावना कम दिखाई दे रही है.

Weather forecast for Jharkhand

बारिश, वज्रपात और तेज हवा संभावित झारखंड के जिले. (फोटो-सौ. मौसम विभाग)

किसानों और आम लोगों के लिए सलाह

मौसम विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि वे खराब मौसम और तेज हवा को देखते हुए खेतों में सावधानी बरतें. वहीं आम लोगों को भी वज्रपात के दौरान खुले स्थानों में नहीं रहने और सुरक्षित जगहों पर शरण लेने की सलाह दी गई है. तेज हवा और बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने को कहा गया है.

Read more

Local News