बिहार में प्रशासनिक फेरबदल के तहत 11 अधिकारियों का तबादला किया गया है, जबकि 18 अधिकारियों को स्टाफ नर्स के दस्तावेज़ सत्यापन के लिए प्रतिनियुक्त किया गया है। सामान्य प्रशासन विभाग ने इस संबंध में अधिसूचना जारी की है।
पटना। बिहार में आईएएस के साथ बिहार प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों को भी इधर से उधर किया जा रहा है।
मंगलवार को बिहार प्रशासनिक सेवा के 11 अधिकारियों का तबादला जबकि 18 की प्रतिनियुक्ति की गई है। सामान्य प्रशासन विभाग ने इसकी अधिसूचना जारी की है।
इसके अनुसार लघु जल संसाधन विभाग के विशेष कार्य पदाधिकारी पुरुषोत्तम को औरंगाबाद का बंदोबस्त पदाधिकारी बनाया गया है।
जहानाबाद और अरवल की जिम्मेदारी किरण सिंह को
सामान्य प्रशासन विभाग में विभागीय लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी किरण सिंह अब जहानाबाद की बंदोबस्त पदाधिकारी होंगी। उनके पास अरवल का भी जिम्मा रहेगा।
ग्रामीण कार्य विभाग के ओएसडी बुद्ध प्रकाश सुपौल के बंदोबस्त पदाधिकारी जबकि सहरसा में इसी पद के अतिरिक्त प्रभारी बनाए गए हैं।
सामान्य प्रशासन विभाग की लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी रहीं पारुल प्रिया को वैशाली का बंदोबस्त पदाधिकारी बनाया गया है।
पूर्णिया, सारण एवं बक्सर के बंदोबस्त पदाधिकारी भी बदले
खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग में ओएसडी विनोद कुमार तिवारी अब पूर्णियां के बंदोबस्त पदाधिकारी होंगे। उनके पास किशनगंज का भी अतिरिक्त प्रभार रहेगा।
समाज कल्याण विभाग के ओएसडी संजय कुमार राय को जमुई जबकि श्रम संसाधन विभाग के उपसचिव अखिलेश कुमार को सारण का बंदोबस्त पदाधिकारी बनाया गया है।
रोहतास के बंदोबस्त पदाधिकारी नवीन कुमार को कैमूर, भोजपुर के नीरज कुमार दास को बक्सर और लखीसराय के बंदोबस्त पदाधिकारी मो मुस्तकीम को शेखपुरा का बंदोबस्त पदाधिकारी बनाया गया है।
दस्तावेज सत्यापन के लिए प्रतिनियुक्ति
बिहार तकनीकी सेवा आयोग के तहत स्टाफ नर्स के चयन के लिए दस्तावेज सत्यापन कार्य में बिहार प्रशासनिक सेवा के एक दर्जन से अधिकारी पदाधिकारी लगाए गए हैं।
सामान्य प्रशासन विभाग के अनुसार 29 अप्रैल से 12 मई तक ये प्रतिनियुक्त किए गए हैं। इनमें ग्रामीण कार्य विभाग के ओएसडी विशाल आनंद, स्वास्थ्य विभाग के ओएसडी मनोज कुमार, समाज कल्याण विभाग की ओएसडी पिंकी कुमारी शामिल हैं।
इनके अलावा गोपाल प्रसाद, अजीमुल्लाह अंसारी, देवश्री, सुनील कुमार, अविनाश कुमार, राज एश्वर्य श्री, ऐश्वर्य कश्यप, स्मृति कुमारी, मुकेश कुमार मुकुल, सत्येंद्र प्रसाद, कुमारी अनुपम सिंह एवं अमृता प्रीतम भी प्रतिनियुक्त की गई हैं।


