Tuesday, April 28, 2026

कोडरमा में पावर प्लांट होने के बावजूद, लोगों को प्रयाप्त बिजली नहीं मिल रही है, भीषण गर्मी में जिंदगी मुश्किल हो गई है.

Share

कोडरमा: जिले में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच अघोषित बिजली कटौती ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है. जिले में 1000 मेगावाट का पावर प्लांट होने के बावजूद कोडरमा के लोगों को प्रयाप्त बिजली नहीं मिल रही है और अनियमित बिजली कटौती से लोग हैरान परेशान हैं.

औसत तापमान में भी इजाफा हुआ है

कोडरमा जिले में 1000 मेगावाट क्षमता वाले पावर प्लांट से उत्पादित बिजली राज्य के अन्य जिलों के अलावा दूसरे प्रदेशों में भेजी जाती है, लेकिन जिस जिले में यह पावर प्लांट अवस्थित है, उस जिले में अगर 24 घंटे में 8 से10 घंटे से भी कम बिजली मिले तो यह बात ज्यादा परेशान करती है. पावर प्लांट के कारण जिले के औसत तापमान में भी तकरीबन 5 डिग्री सेल्सियस का इजाफा हुआ है. ऐसे में यहां के लोग ज्यादा गर्मी झेलने के बावजूद बिजली की समस्या से जूझ रहे हैं.

बिजली की सप्लाई में गड़बड़ी की वजह से घरों और दुकानों में इलेक्ट्रॉनिक सामान भी सिर्फ शोपीस बनकर रह गए हैं. इस भीषण गर्मी में बिजली कटौती से आम जिंदगी पर असर पड़ा है. लोगों के मुताबिक, सर्दियों में वायरिंग बदली जा सकती है, लेकिन इस तेज गर्मी में मेंटेनेंस के लिए बिजली काटना गलत है.

बिजली समस्या का समाधान किया जाएगा

इधर अघोषित बिजली कटौती से जिले के उपायुक्त भी हैरान हैं, इस संबंध में पूछे जाने पर उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता ने कहा कि बिजली समस्या को लेकर वे बिजली विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे और समस्या को दूर करने का प्रयास किया जाएगा.

केवल 55 से 60 मेगावाट ही सप्लाई हो रही है

जिले को बिना रुकावट बिजली सप्लाई के लिए 90 मेगावाट बिजली की जरूरत है, लेकिन अभी सिर्फ 55 से 60 मेगावाट ही सप्लाई हो रही है. इसलिए, जिले के अलग-अलग इलाकों में लोड शेडिंग की जा रही है. विभाग के एसडीओ गजेंद्र टोप्पो ने कहा कि शहरी क्षेत्र से लेकर ग्रामीण इलाके में लोड बढ़ने के साथ बिजली आपूर्ति को सामान्य करने की दिशा में हर तरह के प्रयास किए जा रहे हैं.

चिलचिलाती धूप से जीना हुआ मुहाल

एक तरफ पूरे झारखंड में शरीर झुलसाने वाली गर्मी पड़ रही है, तो दूसरी तरफ एसी और फ्रिज के जरिए लोग गर्मी से राहत पाने की जुगत में हैं. लेकिन बिजली कटौती ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है. लगातार बिजली की आंख मिचौली से लोग त्राहिमाम-त्राहिमाम करते नजर आ रहे हैं. एक तरफ सूरज की तपिश तो दूसरी ओर बिजली की आंख मिचौली से आम जनजीवन अस्त-व्यस्त नजर आ रहा है.

Read more

Local News