Friday, April 24, 2026

रांची में विकास योजनाओं को लेकर मेयर रोशनी खलखो ने आश्रयगृह, पुस्तकालय और वेंडिंग जोन का शिलान्यास किया है.

Share

रांची: राजधानी रांची में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में नगर निगम ने एक और कदम बढ़ाया है. गुरुवार को महापौर रोशनी खलखो ने शहर के विभिन्न वार्डों में कई महत्वपूर्ण विकास योजनाओं का शिलान्यास किया. इन योजनाओं में आश्रयगृह, पाथवे, सड़क, पुस्तकालय और वेंडिंग जोन जैसे कार्य शामिल हैं, जो सीधे तौर पर आम लोगों की सुविधा से जुड़े हैं.

आश्रयगृह निर्माण कार्य का शिलान्यास

महापौर ने वार्ड संख्या 5 अंतर्गत बूटी मोड़ में आश्रयगृह निर्माण कार्य का शिलान्यास किया. इसके अलावा इसी वार्ड में पीएचईडी कॉलोनी स्थित मेड फर्स्ट अस्पताल के पास पाथवे और पीसीसी पथ निर्माण कार्य की भी आधारशिला रखी गई. वहीं, वार्ड संख्या 4 के मोराबादी स्थित कुसुम विहार में (G+2) पुस्तकालय निर्माण कार्य की शुरुआत की गई, जो छात्रों के लिए एक महत्वपूर्ण सुविधा साबित होगी.

इसके साथ ही वार्ड संख्या 2 में मोराबादी स्थित रजिस्ट्री कार्यालय के समीप वेंडिंग जोन और बाउंड्री वॉल निर्माण कार्य का भी शिलान्यास किया गया. इस परियोजना से फुटपाथ दुकानदारों को व्यवस्थित स्थान मिलेगा. जिससे उनकी आजीविका को बढ़ावा मिलेगा और क्षेत्र में स्वच्छता भी सुनिश्चित हो सकेगी.

योजनाएं जरूरतमंद लोगों के लिए महत्वपूर्ण पहल: मेयर

इस अवसर पर महापौर रोशनी खलखो ने कहा कि ये सभी योजनाएं शहर के जरूरतमंद लोगों की सेवा की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है. उन्होंने बताया कि आश्रयगृह बनने के बाद जरूरतमंदों को सुरक्षित ठिकाना मिलेगा. वहीं पाथवे और सड़क निर्माण से आम राहगीरों को आवाजाही में सहूलियत होगी. पुस्तकालय के निर्माण से क्षेत्र के विद्यार्थियों को शांत वातावरण में अध्ययन करने का अवसर मिलेगा. जिससे उनकी शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार होगा.

महापौर ने यह भी कहा कि नगर निगम का लक्ष्य शहर के हर क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार करना है. ताकि नागरिकों को बेहतर जीवन स्तर मिल सके. उन्होंने भरोसा दिलाया कि सभी योजनाओं को समय पर और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाएगा. इस मौके पर उप महापौर नीरज कुमार, वार्ड 2 की पार्षद सविता कच्छप, वार्ड 4 के पार्षद अमित मुंडा, वार्ड 5 के पार्षद अवधेश बैठा सहित रणधीर कुमार सिंह, ऋतु लाल महतो और अन्य स्थानीय लोग मौजूद रहे.

Read more

Local News