बीजेपी सांसद ढुल्लू महतो ने तृणमूल कांग्रेस के चुनाव प्रचार में जाने पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को घेरा है. उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि आज झारखंड को लूटा और लुटाया जा रहा है. हर दिन हत्या एवं लूट की घटना हो रही है. चोरी- डकैती तो आम बात हो चुकी है. अपने राज्य का तो कोई ठिकाना नहीं है, उनसे यह तो संभल ही नहीं रहा है और सीएम हेमंत सोरेन चले हैं दूसरे राज्य को संभालने.
पश्चिम बंगाल चुनाव में बीजेपी को पूर्ण बहुमत का दावा
सांसद ढुल्लू महतो ने दावा किया कि पश्चिम बंगाल चुनाव में 23 अप्रैल को पहले चरण की जो वोटिंग है, इसके लिए लोगों ने भारतीय जनता पार्टी को वोट देने का मन बना लिया है. उन्होंने कहा कि पिछले 10 सालों में ममता दीदी के कुकृत्य, आतंक, अत्याचार और अन्याय को जनता ने झेला है. अब जनता की बारी है, जो उन्हें सबक सिखाएगी. बीजेपी को वहां रिकॉर्ड मत मिलने जा रहा है और पूर्ण बहुमत से सरकार बनेगी.
सदन में गंभीर नहीं रहते राहुल गांधी: बीजेपी सांसद
प्रेसवार्ता के दौरान दुल्लू महतो ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि वे कभी भी सदन में रहते ही नहीं है. देश के हित में एक मिनट भी चर्चा करना उन्हें पसंद नहीं है. देश के हर अच्छे कार्यों का विरोध करना उनका मुख्य उद्देश्य होता है और उन्हीं के नक्शे कदम पर कांग्रेस अध्यक्ष खरगे भी हैं, दोनों में कोई अंतर नहीं है.
विपक्ष को भारी पड़ेगा महिला आरक्षण का विरोध
वहीं महिला आरक्षण बिल पर ढुल्लू महतो ने कहा कि बीजेपी महिलाओं को सम्मान देकर उन्हें सदन में आरक्षण देना चाहती थी लेकिन जिस तरह कांग्रेस, राष्ट्रीय जनता दल, झामुृमो समेत अन्य विपक्षी दलों ने इसका विरोध किया, जनता वक्त आने पर उन्हें माकूल जवाब देगी और आने वाले दिनों में जब भी चुनाव होंगे, जनता उन्हें नकारने का काम करेगी.


