Wednesday, April 22, 2026

 वेस्टइंडीज में खतरनाक पिच के कारण बल्लेबाज के घायल होने से मैच को रद्द कर दिया गया.

Share

वेस्टइंडीज में इन दिनों वेस्टइंडीज चैंपियनशिप टूर्नामेंट खेला जा रहा है. जहां एक मैच को खतरनाक घटना की वजह से रद्द करना पड़ा. दरअसल मैच के दौरान एक गेंद अचानक बल्लेबाज के सिर में लगी, जिससे वो चोटिल हो गया और स्ट्रेचर के जरिए उसे अस्पताल ले जाया गया. जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है. इस घटना के बाद अंपायरों ने मैच वहीं पर रद्द करके ड्रॉ घोषित कर दिया.

खतरनाक पिच के कारण मैच रद्द
चार दिवसीय ये मैच त्रिनिदाद टोबैगो और लीवार्ड आइलैंड्स के बीच सर विवियन रिचर्ड्स स्टेडियम में खेला जा रहा था. मैच के तीसरे दिन अंपायरों ने पिच के लगातार बदलते और अप्रत्याशित उछाल को देखते हुए पिच पर खेल जारी रखने के लिए बहुत खतरनाक माना. मैच को उस समय रोका गया जब लीवार्ड आइलैंड्स की दूसरी पारी चल रही थी और टीम का स्कोर 140/7 था और उनके पास मामूली बढ़त थी, तब खेल को काफी देर के लिए रोक दिया गया. इसके बाद मैच अधिकारियों ने खेल को रद्द करने का फैसला किया.

किस खिलाड़ी को लगी चोट?
ये घटना तब हुई जब त्रिनिदाद टोबैगो के तेज गेंदबाज जेडन सील्स की एक तेजी से उठती हुई गेंद यिर्मयाह लुइस के हेलमेट पर जा लगी. गेंद अप्रत्याशित रूप से ‘गुड लेंथ’ से उठ गई, जबकि इससे ठीक पहले वाली गेंद नीची रही थी. गेंद लगने के तुरंत बाद लुइस जमीन पर गिर पड़े, उन्होंने अपना बल्ला छोड़ दिया और फिर गुस्से में अपना हेलमेट जोर से लात मारी. उन्हें मैदान पर ही प्राथमिक चिकित्सा दी गई, जिसके बाद उन्हें स्ट्रेचर पर लेटा कर आगे की जांच के लिए अस्पताल पहुंचाया गया. क्रिकेट वेस्टइंडीज (CWI) ने बाद में पुष्टि की कि खिलाड़ी की हालत स्थिर बताई जा रही है.

इस घटना के बावजूद, CWI ने भरोसा दिलाया कि इस जगह पर होने वाले आने वाले मैचों, जिसमें टूर्नामेंट का फाइनल भी शामिल है, से पहले सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे.

कोच ने चिंता जताई
लीवार्ड आइलैंड्स के कोच वाइल्डन कॉर्नवाल ने इस घटना और पिच की स्थितियों पर चिंता जताते हुए कहा, ‘वह इस समय अस्पताल में हैं. मुझे बस उम्मीद है कि उनके लिए सब कुछ ठीक रहे और उन्हें कोई बहुत गंभीर चोट न लगी हो. आज सुबह जो कुछ हुआ, उसे देखना सचमुच बहुत दुखद था.’

कॉर्नवाल ने पिच की तैयारी पर भ सवाल उठाए, उन्होंने कहा, ‘मेरे हिसाब से, इसे चार दिन के विकेट जैसी तैयारी नहीं दी गई थी, इसीलिए हमने इतने सारे खिलाड़ियों को चोटिल होते देखा. पिछले तीन दिनों से पिच का बर्ताव लगातार खराब रहा है.’

जेडन सील्स ने सातों विकेट निकाले
हैरत की बात ये है कि इस खतरनाक पिच पर अकेले जेडन सील्स ही ऐसे गेंदबाज रहे, जिन्होंने सातों विकेट अपने नाम किया. इसके अलावा कोई दूसरा गेंदबाज एक भी विकेट नहीं निकाल सका.

Read more

Local News