बोकारो: जिले के खूंटाडीह गांव की पुष्पा महतो की गुत्थी क्या सुलझी, जिले के एक और दफन हो चुके राज ने फिर से करवट ले ली है. 16 अक्टूबर 2020 की वह काली दोपहर आज भी उषा झा की रूह कंपा देती है, जब उनकी 14 वर्षीय बेटी सेजल झा जो कक्षा 9 में पढ़ती थी घर से ट्यूशन जाने के लिए अपनी साइकिल लेकर निकली, लेकिन फिर कभी वापस नहीं लौटी. सेजल झा की साइकिल स्कूल बैग के साथ सड़क किनारे लावारिस हालत में मिली थी. लेकिन आजतक उसका पता नहीं चला है.
साइकिल और स्कूल बैग मिला, बेटी नहीं
सेजल का गायब होना किसी थ्रिलर फिल्म की पटकथा जैसा है. घर से महज कुछ दूरी पर उसकी साइकिल लावारिस हालत में बरामद हुई थी. मानो उसे जमीन निगल गई या आसमान खा गया. 5 साल बीत गए, लेकिन पुलिस के हाथ अब भी खाली है. सेजल की मांं कहती हैं ’मैं कभी सीआईडी के दफ्तर दौड़ती हूं तो कभी पुलिस के. सीआईडी कहती है केस हमारे पास नहीं है, पुलिस कहती है जांच चल रही है. क्या मेरी बेटी की फाइल धूल फांकने के लिए है’.
पुष्पा महतो केस में 9 महीने बाद मिली सफलता ने उषा झा को एक नई उम्मीद दी है. लेकिन साथ ही सिस्टम पर उनका गुस्सा भी बढ़ा दिया है. सेजल की मां उषा झा का आरोप है कि पुलिस और जांच एजेंसियां उन्हें फुटबॉल की तरह एक दफ्तर से दूसरे दफ्तर भेज रही है. थक-हारकर अब उन्होंने उपायुक्त कार्यालय में दस्तक दी है और साफ कर दिया है कि अगर अब भी उच्च स्तरीय जांच नहीं हुई, तो वे हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगी.
मामले को गंभीरता से लिया डीसी
मामले की गंभीरता को देखते हुए बोकारो उपायुक्त अजय नाथ झा ने संवेदना व्यक्त करते हुए सख्त रुख अपनाया है. उन्होंने कहा प्रशासन हर नागरिक की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है. सेजल झा के मामले से जुड़े आवेदन को गंभीरता से लिया गया है. केस की फाइल और वर्तमान स्टेटस की तुरंत समीक्षा की जाएगी. अगर जांच में शिथिलता बरती गई है तो संबंधित अधिकारियों से जवाब तलब किया जाएगा. डीसी ने कहा कि वे सुनिश्चित करेंगे कि पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द स्पष्ट जानकारी और न्याय मिले.
जांच पर उठे बड़े सवाल
- आखिर क्यों 5 साल में सेजल का एक भी सुराग नहीं मिला
- केस सीआईडी के पास है या नहीं, इस पर असमंजस क्यों
- क्या पुष्पा महतो केस की तरह सेजल झा की फाइल भी अब कोई बड़ा राज उगलेगी
सेजल की मां से मिलने के बाद बोकारो डीसी ने तत्काल संबंधित सभी वरीय पदाधिकारी को तलब किया. चास एसडीपीओ प्रवीण कुमार सिंह, सिटी डीएसपी आलोक रंजन और पिंडरा जोड़ा थाना प्रभारी रवि कुमार उपस्थित थे. चास एसडीपीओ प्रवीण सिंह ने डीसी को बताया कि मामला सीआईडी में चला गया है. सीआईडी ने मामला भी दर्ज कर लिया है इस पर बोकारो डीसी ने सभी को निर्देश दिया कि मामले में सीआईडी को पूर्ण सहयोग किया जाए. जिससे मामले का उद्भेदन जल्द हो सके.


