Wednesday, April 22, 2026

झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गयी है.

Share

रांची: झारखंड में शिक्षक बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है. झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET)- 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया आज यानी 21 अप्रैल से शुरू हो गई है.

अभ्यर्थी 21 मई 2026 तक आवेदन कर सकते हैं. राज्य में पिछली बार JTET परीक्षा वर्ष 2016 में आयोजित हुई थी, ऐसे में करीब एक दशक बाद यह परीक्षा फिर से हो रही है. लंबे इंतजार के बाद मिली इस अवसर से हजारों अभ्यर्थियों में उत्साह देखा जा रहा है.

उम्र सीमा में दी गई विशेष छूट

नई नियमावली- 2026 के तहत अभ्यर्थियों को उम्र सीमा में बड़ी राहत दी गई है. परीक्षा में शामिल होने के लिए न्यूनतम आयु 21 वर्ष निर्धारित की गई है, जबकि अधिकतम आयु सीमा में 9 साल की छूट दी गई है. इसका लाभ उन उम्मीदवारों को मिलेगा जो पिछले वर्षों में परीक्षा नहीं होने के कारण आयु सीमा पार कर चुके थे.

दो स्तरों पर होगी परीक्षा

JTET- 2026 दो स्तरों पर आयोजित की जाएगी. पहला स्तर कक्षा 1 से 5 (प्राथमिक) और दूसरा स्तर कक्षा 6 से 8 (उच्च प्राथमिक) के लिए होगा. अभ्यर्थी अपनी योग्यता के अनुसार किसी एक या दोनों स्तरों के लिए आवेदन कर सकते हैं. दोनों लेवल के लिए आवेदन करने से नौकरी के अवसर भी बढ़ेंगे.

पुराने अभ्यर्थियों को फिर करना होगा आवेदन

वर्ष 2024 में आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को इस बार फिर से नया फॉर्म भरना अनिवार्य होगा. उन्हें भाषा-1 और भाषा-2 का चयन दोबारा करना होगा तथा अपनी सभी जानकारी अपडेट करनी होगी.

फीस को लेकर राहत

हालांकि 2024 में आवेदन शुल्क जमा कर चुके उम्मीदवारों के लिए राहत की बात है. ऐसे अभ्यर्थियों को दोबारा परीक्षा शुल्क नहीं देना होगा. उन्हें केवल अपनी जानकारी सत्यापित कर आवेदन प्रक्रिया पूरी करनी होगी.

पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन, वेबसाइट पर दिक्कत

JTET- 2026 के लिए आवेदन की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन रखी गई है लेकिन आवेदन के पहले ही दिन कई अभ्यर्थियों ने तकनीकी समस्याओं की शिकायत की है. अभ्यर्थियों का कहना है कि ऑफिशियल वेबसाइट समय पर नहीं खुल रही है, जिससे फॉर्म भरने में परेशानी हो रही है. इसको लेकर अभ्यर्थियों ने व्यवस्था सुधारने की मांग की है. अधिकारियों ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार न करें और थोड़े अंतराल पर वेबसाइट ट्राई करते रहें, ताकि किसी भी तकनीकी समस्या से बचा जा सके.

अभ्यर्थी रमेश महतो ने कहा कि करीब 10 साल बाद परीक्षा हो रही है, ऐसे में हम जैसे युवाओं के लिए यह बहुत बड़ा मौका है. उम्र सीमा में छूट मिलने से उम्मीद फिर से जगी है लेकिन वेबसाइट की समस्या से दिक्कत हो रही है. वहीं विजय यादव ने कहा कि हम लंबे समय से JTET का इंतजार कर रहे थे. अब दो लेवल के लिए आवेदन का विकल्प मिलने से अवसर और बढ़ गया है लेकिन साइट स्लो होने से आवेदन करने में परेशानी आ रही है. रमीज अहमद ने कहा कि पहले आवेदन कर चुके अभ्यर्थियों को फीस में छूट देना अच्छा फैसला है लेकिन वेबसाइट ठीक से नहीं चलने से समय बर्बाद हो रहा है.

युवाओं के लिए सुनहरा अवसर

करीब 10 साल बाद आयोजित हो रही इस परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों में खासा उत्साह है. उम्र सीमा में छूट और दोबारा मौका मिलने से बड़ी संख्या में युवाओं को फायदा मिलेगा और शिक्षक बनने का उनका सपना साकार हो सकेगा.

Read more

Local News