मुंबई: चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मैच से पहले मुंबई इंडियंस के फैंस के लिए एक अच्छी खबर है. टी20 वर्ल्ड कप 2026 में धमाल मचाने वाले इंग्लैंड के ऑलराउंडर विल जैक्स टीम में शामिल हो गए हैं. वो निजी कारणों से इस सीजन के पहले छह मैच नहीं खेल सके थे.
मुंबई इंडियंस ने मंगलवार को अपने सोशल मीडिया हैंडल पर एक पोस्ट शेयर करके इसकी जानकारी दी. उन्होंने विल जैक्स की वानखेड़े स्टेडियम के स्टैंड में नजर आने वाली एक वीडियो पोस्ट करके लिखा, ‘बस! अब और नहीं पूछना कि ‘कहां है?’, ‘किधर है?’, ‘कब ज्वाइन करेगा?’!
चार बार जीता बड़ा अवॉर्ड
बता दें कि विल जैक्स ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में इंग्लैंड के लिए शानदार प्रदर्शन किया था. उन्होंने 226 रन और 9 विकेट लेकर टूर्नामेंट का समापन किया. इस दौरान जैक्स को चार बार ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का अवॉर्ड भी दिया गया. टूर्नामेंट में इंग्लैंड की टीम सेमीफाइनल में इंडिया से हार कर बाहर हो गई थी.
विल जैक्स की आईपीएल प्राइज
IPL 2025 के मेगा ऑक्शन में विल जैक्स को मुंबई इंडियंस (MI) ने 5.25 करोड़ रुपये में खरीदा था और 2026 के IPL सीजन के लिए MI ने उन्हें इसी कीमत पर रिटेन किया. इससे पहले, 2023-2024 सीजन के लिए रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) ने उन्हें 3.20 करोड़ रुपये में साइन किया था.
IPL 2026 में मुंबई का प्रदर्शन
मुंबई इंडियंस की आईपीएल 2026 की शुरुआत अच्छी हुई थी, लेकिन वो उसे बरकरार नहीं रख सके और पहला मैच जीतने के बाद लगातार चार मैच में हार का सामना करना पड़ा. लेकिन अपने पिछले मैच में उन्होंने शानदार जीत दर्ज की. उन्होंने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गुजरात टाइटन्स को 99 रनों से करारी शिकस्त दी.
इस जीत के साथ वे पॉइंट्स टेबल में सातवें स्थान पर पहुंच गए हैं. छह मैचों में चार पॉइंट्स के साथ वे गुजरात टाइटन्स और चेन्नई सुपर किंग्स के बराबर आ गए हैं. हालांकि, बेहतर नेट रन रेट की वजह से वे GT और CSK से आगे हैं. मुंबई इंडियंस का अगला मैच चेन्नई सुपर किंग्स से है, जो 23 अप्रैल को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा.


