रांचीः छत्तीसगढ़ में आयोजित प्रथम खेलो इंडिया जनजातीय खेल (2026) में झारखंड के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन लगातार जारी है. एथलेटिक्स स्पर्धाओं में तीसरे दिन राज्य के एथलीटों ने दमदार खेल दिखाते हुए 2 स्वर्ण, 1 रजत और 2 कांस्य सहित कुल 5 पदक अपने नाम किए. इसके साथ ही झारखंड के कुल पदकों की संख्या बढ़कर 9 स्वर्ण, 3 रजत और 8 कांस्य के साथ 20 हो गई है.
नेहा खलको और शिवानी कुमारी ने स्वर्ण पदक जीते
भारत सरकार एवं छत्तीसगढ़ सरकार के संयुक्त तत्वावधान में 25 मार्च से 3 अप्रैल तक आयोजित इस प्रतियोगिता के अंतर्गत जगदलपुर में एथलेटिक्स प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं. महिला 10,000 मीटर वॉक स्पर्धा में झारखंड की नेहा खलको और शिवानी कुमारी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीते. दोनों खिलाड़ियों ने अपनी रेस में बेहतरीन गति और संतुलन का परिचय दिया, जिससे झारखंड को दो स्वर्ण पदक मिले.
वहीं, महिला जेवलिन थ्रो स्पर्धा में सविता मुर्मू ने 43.12 मीटर का थ्रो कर रजत पदक हासिल किया. पुरुष 800 मीटर दौड़ में राहुल उरांव ने 1:54ः32 सेकेंड और मनीष बेदिया ने 54.62 सेकेंड के समय के साथ कांस्य पदक जीतकर राज्य की झोली में दो और पदक जोड़े.
महिला हॉकी टीम ने मध्य प्रदेश को हराकर कांस्य पदक जीता
खेलों के अन्य मुकाबलों में भी झारखंड का प्रदर्शन सराहनीय रहा. महिला हॉकी टीम ने तीसरे स्थान के लिए खेले गए मुकाबले में मध्य प्रदेश को 4-0 से हराकर कांस्य पदक अपने नाम किया. टीम ने पूरे मैच में आक्रामक खेल दिखाते हुए विपक्षी टीम को कोई मौका नहीं दिया.
इसके अलावा कबड्डी प्रदर्शनी मुकाबले में झारखंड की महिला टीम ने रोमांचक मुकाबले में विदर्भ को 39-36 से पराजित कर फाइनल में जगह बनाई. अब टीम से स्वर्ण पदक की उम्मीदें बढ़ गई हैं.
खिलाड़ियों के प्रदर्शन की हो रही सराहना
इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, खेल मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू, खेल सचिव मुकेश कुमार, खेल निदेशक आसिफ इकराम और उपनिदेशक राजेश कुमार सहित खेल विभाग के अधिकारियों और झारखंड एथलेटिक्स संघ के पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों को बधाई दी. टीम मैनेजर राहुल कुमार और कोच आशु भाटिया के नेतृत्व में खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना की जा रही है.


