Tuesday, March 31, 2026

 वैभव सूर्यवंशी के बारे में भारत और इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर ने बड़ा बयान दिया है.

Share

भारत के पूर्व स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी की जमकर तारीफ की. IPL 2026 के अपने पहले मैच में सूर्यवंशी की शानदार पारी की बदौलत राजस्थान रॉयल्स (RR) ने चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) को आठ विकेट से करारी शिकस्त दी. अश्विन ने कहा कि सूर्यवंशी को भारत की इंटरनेशनल टीम में शामिल करने की जल्दबाजी नहीं करनी चाहिए.

गुवाहाटी में खेले गए मैच में सूर्यवंशी ने सिर्फ 17 गेंदों में 52 रनों की तूफानी पारी खेली, जिसमें उन्होंने 15 गेंदों में ही अपना अर्धशतक पूरा कर लिया. जो आईपीएल की तीसरी सबसे तेज फिफ्टी है. जिसके बाद हर कोई वैभव की तारीफ कर रहा है. भारत के पूर्व स्टार क्रिकेट अश्विन ने 15 साल के इस होनहार खिलाड़ी को संभालकर रखने की अपील की और उसके करियर को आगे बढ़ाने में जल्दबाजी न करने की चेतावनी भी दी.

आर अश्विन ने क्या कहा?
अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए कहा, ‘उसे ऐसा कोई लक्ष्य मत दो. वह अभी कोई बड़ा आदमी नहीं, बल्कि एक बच्चा है. अगर एमएस धोनी 45 (44) साल की उम्र तक खेल रहे हैं, और अगर सूर्यवंशी 40 साल तक खेलता है, तो उसके पास क्रिकेट में अभी ढाई दशक बाकी हैं. उसे अकेला छोड़ दो, जब सही समय आएगा तो वह खुद ही आगे आ जाएगा. वह इतना अच्छा खिलाड़ी है कि एक ना एक दिन वो भारत के लिए जरूर खेलेगा. लेकिन वह कब खेलेगा? इसके लिए हमें थोड़ा इंतजार करना पड़ सकता है. हम हमेशा इतनी जल्दबाजी में क्यों रहते हैं?’

अश्विन ने युवा खिलाड़ी की प्रतिभा की भी जमकर तारीफ की. उन्होंने कहा, ‘वह अभी 15 साल का हुआ है, इसलिए उसने 15 गेंदों में 50 रन बनाए, वह अपनी उम्र के हिसाब से ही खेल रहा है. मेरा मतलब है, वह कितना जबरदस्त खिलाड़ी है! उसके बल्ले की रफ्तार कितनी तेज है! CSK के पास उसके सामने कोई जवाब नहीं था.’

माइकल वॉन ने क्या कहा?
इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन ने कहा कि भारत को इस साल जुलाई में इंग्लैंड के व्हाइट-बॉल दौरे के लिए वैभव सूर्यवंशी को चुनने पर विचार करना चाहिए. वॉन ने क्रिकबज से कहा, ‘मैं यहां बस आगे की सोच रहा हूं, और मुझे पता है कि हम शायद थोड़ी जल्दबाजी कर रहे हैं क्योंकि यह अभी IPL की पहली पारी ही है. लेकिन कुछ ही महीनों में इंग्लैंड का व्हाइट-बॉल दौरा होने वाला है, अगर मैं भारतीय क्रिकेट का हिस्सा होता, तो मैं उसे उस दौरे पर जरूर ले जाता.’

उन्होंने आगे कहा, ‘मैं यह नहीं कह रहा हूं कि उसे सीधे प्लेइंग XI में शामिल किया जाए क्योंकि टीम में पहले से ही खिलाड़ी मौजूद हैं, लेकिन उसे भारतीय सेटअप में लाकर उस माहौल से रूबरू कराना जरूरी है. अगर वह एक या दो मैच खेल लेता है, तो बहुत बढ़िया, लेकिन मुख्य बात उसे उस दौरे पर ले जाना है.’

क्या वैभव तोड़ेंगे सचिन का रिकॉर्ड?
अगर वैभव सूर्यवंशी को इंग्लैंड दौरे के लिए चुना जाता है, और वो वहां एक भी मैच खेलते हैं तो वह पुरुषों के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में खेलने वाले सबसे कम उम्र के भारतीय बन जाएंगे. यह रिकॉर्ड अभी सचिन तेंदुलकर के नाम है, जिन्होंने 1989 में कराची में पाकिस्तान के खिलाफ 16 साल और 205 दिन की उम्र में डेब्यू किया था.

IPL 2026: राजस्थान रॉयल्स की शानदार शुरुआत
पिछले सीजन अंक तालिका में 9वें नंबर पर रहने वाली राजस्थान रॉयल्स ने इस सीजन में शानदार शुरुआता की है. उन्होंने पहले CSK को 127 रनों पर समेटा और फिर 12.1 ओवर में मैच जीतकर जोरदार अंदाज में टूर्नामेंट का आगाज किया. सूर्यवंशी इस मैच के सबसे शानदार खिलाड़ी रहे, जिन्होंने IPL के इतिहास की तीसरी सबसे तेज फिफ्टी बनाई। सूर्यवंशी के आउट होने के बाद, यशस्वी जायसवाल (38*) और कप्तान रियान पराग (14*) ने मिलकर 47 गेंदें शेष रहते हुए टीम को आसानी से जीत दिला दी.

Read more

Local News