Wednesday, March 18, 2026

राज्य सरकार ने कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ को आईपीएल 2026 में आरसीबी के घरेलू मैच की मेजबानी करने की इजाजत दे दी है.

Share

 कर्नाटक सरकार ने सोमवार को कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (KSCA) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में इस साल होने वाले इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के मैचों की मेजबानी करने की औपचारिक मंजूरी दे दी.

इसके साथ ही इस स्टेडियम में आईपीएल मैचों के आयोजन को लेकर पिछले लंबे समय से चली आ रही अनिश्चितता भी समाप्त हो गई. पिछले साल आरसीबी के चैंपियन बनने के बाद यहां आयोजित किए गए समारोह के दौरान मची भगदड़ में कुछ लोगों की जान चली गई थी.

आईपीएल 28 मार्च से शुरू होगा जिसमें मौजूदा चैंपियन आरसीबी उद्घाटन मैच में सनराइजर्स हैदराबाद का सामना करेगा. यह मैच पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा. कर्नाटक के गृह मंत्री परमेश्वर की अध्यक्षता में राज्य सरकार द्वारा गठित विशेषज्ञ समिति तथा केएससीए, आरसीबी और उनकी प्रबंधन कंपनी डीएनए के प्रतिनिधियों के बीच बैठक के बाद कर्नाटक सरकार ने औपचारिक मंजूरी दी.

केएससीए के प्रवक्ता विनय मृत्युंजय ने एक बयान में कहा, ‘‘बैठक के दौरान विशेषज्ञ समिति ने एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में की गई तैयारियों और उपायों के संबंध में रिपोर्ट पेश की. समिति की सिफारिश के आधार पर गृहमंत्री ने स्टेडियम में आईपीएल मैचों के आयोजन के लिए औपचारिक मंजूरी दे दी है.’’

आरसीबी ने इससे पहले घोषणा कर दी थी कि वह अपने सात घरेलू मैचों में से पांच मैच बेंगलुरु में जबकि दो मैच रायपुर में खेलेगा.

IPL कब शुरू होगा?
2026 IPL 28 मार्च को शुरू होगा. इस बारे में पहले फेज का शेड्यूल भी जारी कर दिया गया है.

पहले फेज में चिन्नास्वामी में RCB के मैच

  • 28 मार्च – RCB बनाम SRH – चिन्नास्वामी स्टेडियम, बेंगलुरु
  • 5 अप्रैल – RCB बनाम CSK – चिन्नास्वामी स्टेडियम, बेंगलुरु
  • 10 अप्रैल – RR बनाम RCB – बरसापारा स्टेडियम, गुवाहाटी
  • 12 अप्रैल – MI बनाम RCB – वानखेड़े स्टेडियम, मुंबई

Read more

Local News