बिहार में रविवार से प्री-मानसून अवधि शुरू हो गई है, जो 31 मई तक सक्रिय रहेगी। इस दौरान तापमान में वृद्धि के साथ हल्की वर्षा, तेज आंधी और ठनका गिरने की संभावना है। मार्च में सामान्य से अधिक तापमान रहेगा, लेकिन उष्ण लहर की उम्मीद नहीं है।
पटना। बिहार में रविवार से ही प्री मानसून अवधि की शुरुआत हो गई है। प्री-मानसून 31 मई तक सक्रिय रहेगा। इस दौरान सूर्य धीरे-धीरे कर्क रेखा की ओर बढ़ेगा। इससे तापमान में वृद्धि होने के साथ हल्की वर्षा से लेकर तेज आंधी चलने और ठनका गिरने की संभावना होती है।
मार्च में सामान्य से अधिक न्यूनतम और अधिकतम तापमान रहेगा। राज्य का सामान्य अधिकतम तापमान 30-32 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने के आसार हैं। इस दौरान सामान्य से कम वर्षा होने के आसार हैं।
बिहार में औसत सामान्य वर्षा 10.4 मिमी है। राज्य में इस बार उष्ण लहर की संभावना नहीं है। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार, मार्च में मौसम पूर्वानुमान जारी करते हुए बताया है कि उत्तरी भागों की तुलना में राजधानी सहित दक्षिणी भाग अधिक गर्म रहेगा।
मौसम रहेगा शुष्क, हवा की गति में वृद्धि
राज्य के ज्यादातर जिलों का मौसम पछुआ के कारण शुष्क बने होने के साथ हवा की गति में तेजी आएगी। बिहार मौसम सेवा केंद्र के अनुसार, हवा की गति 45 किमी प्रतिघंटा रहने के आसार हैं। राज्य का अधिकतम तापमान 28-34 डिग्री सेल्सियस एवं 12-19 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का पूर्वानुमान है।
पछुआ के कारण सुबह शाम हल्की ठंड का प्रभाव बना रहेगा। राज्य का सबसे कम न्यूनतम तापमान 13.6 डिग्री सेल्सियस भागलपुर (सबौर) में दर्ज किया गया। राजधानी का न्यूनतम तापमान 19.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
रविवार को पटना का अधिकतम तापमान तीन डिग्री वृद्धि के साथ 31.4 डिग्री सेल्सियस एवं 33.6 डिग्री सेल्सियस के साथ मोतिहारी में सर्वाधिक तापमान दर्ज किया गया। रविवार को पटना सहित 10 जिलों के अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
फरवरी का तापमान सबसे अधिक
पांच वर्षों में फरवरी का तापमान सबसे अधिक दर्ज किया गया। पटना सहित गयाजी, भागलपुर, पूर्णिया एवं वाल्मीकि नगर में सर्वाधिक अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। बीते पांच वर्षों के दौरान फरवरी में पटना के अधिकतम तापमान में सात डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई।
2022 में पटना का अधिकतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था जबकि इस बार पटना का अधिकतम तापमान 32.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
| वर्ष | पटना | गयाजी | भागलपुर | पूर्णिया | वाल्मीकि नगर |
|---|---|---|---|---|---|
| 2026 | 32.3 | 33.4 | 31.5 | 30.6 | 31.6 |
| 2025 | 30.4 | 30.7 | 30.9 | 30.4 | 29.0 |
| 2024 | 24.3 | 24.9 | 24.1 | 24.8 | 23.4 |
| 2023 | 28.1 | 29.1 | 25.6 | 27.0 | 25.6 |
| 2022 | 25.6 | 26.5 | 24.6 | 23.5 | 25.0 |
| औसत (2022–2026) |


