Sunday, February 22, 2026

पटना के तारामंडल में मई से दर्शकों को अंतरिक्ष की रोमांचक दुनिया को नजदीक से देखने को मिलेगा।

Share

पटना के तारामंडल में मई से एक करोड़ की लागत से विशाल टेलीस्कोप लगेगा, जिससे दर्शक ग्रहों और खगोलीय घटनाओं को करीब से देख सकेंगे। साथ ही, एस्ट्रोनॉमी पार्क भी विकसित हो रहा है, जिसमें 11 प्रदर्शनियां होंगी।

पटना। शहर के तारामंडल में मई से दर्शकों को अंतरिक्ष की रोमांचक दुनिया को नजदीक से देखने को मिलेगा। यहां करीब एक करोड़ रुपये की लागत से जाइंट यानी विशाल टेलीस्कोप लगाया जा रहा है।

इस टेलीस्कोप की मदद से लोग ब्रह्मांड के ग्रहों और खगोलीय घटनाओं का प्रत्यक्ष रूप से देख सकेंगे। अधिकारियों के अनुसार इस टेलीस्कोप में उच्च क्षमता वाले लेंस और आधुनिक ट्रैकिंग सिस्टम लगाए जाएंगे।

इसके माध्यम से ग्रह-उपग्रह और आकाशीय पिंडों को स्पष्ट रूप से देखा जा सकेगा। तारामंडल में स्थापित होने वाला टेलीस्कोप फिक्स्ड रहेगा। इसे तारामंडल की छत पर लगाया जाएगा।

वैज्ञानिक अवधारणाओं को समझाया जाएगा

तारामंडल परिसर में एस्ट्रोनामी पार्क भी विकसित किया जा रहा है। इसमें 11 एक्जीबिट लगाए जाएंगे। इनके माध्यम से सूर्य घड़ी, समय की गणना और पृथ्वी की गति जैसी वैज्ञानिक अवधारणाओं को समझाया जाएगा। यह पार्क छात्रों और शोधकर्ताओं के साथ ही आम लोगों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बनेगा।

हिंदी और अंग्रेजी में दिखाए जा रहे शो

तारामंडल स्थित स्काई थिएटर में दर्शकों को प्रतिदिन आठ शो दिखाए जा रहे हैं। इनमें छह शो हिंदी और दो शो अंग्रेजी भाषा में हैं। ये शो विज्ञान, अंतरिक्ष और पर्यावरण से जुड़ी रोचक जानकारियां देते हैं। यहां प्रमुख रूप से वी आर स्टार्स, एस्टेरायड मिशन, लाइफ आफ ट्री और वायेजर शो दिखाया जा रहा है।

वी आर स्टार्स

इस शो में ब्रह्मांड की उत्पत्ति से लेकर सूर्य, तारे, उपग्रह, पेड़-पौधे और मानव जीवन के विकास की जानकारी दी जाती है। इस शो के माध्यम से बताया जाता है। मानव की उत्पत्ति चंद्रमा की धूलकणों से कैसे जुड़ी मानी जाती है।

वायेजर शो

यह अंतरिक्ष आधारित शो है, जिसमें नासा के वायेजर मिशन, सौरमंडल के ग्रहों और उनके उपग्रहों के बारे में विस्तृत जानकारी दर्शकों को दी जाती है।

लाइफ आफ ट्री

इस के माध्यम से बच्चों को पेड़-पौधों का मानव जीवन और पर्यावरण पर पड़ने वाले प्रभाव के बारे में बताया जाता है, जिससे उनमें पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ती है। एस्टेरायड मिशन शो में आकाशीय पिंडों से होने वाले संभावित खतरों और उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी जाती है।

Read more

Local News