Saturday, July 4, 2026

नरकटियागंज के बलथर मार्ग पर एक लावारिस बाइक मिलने से हड़कंप मच गया….

Share

नरकटियागंज के बलथर मार्ग पर एक लावारिस बाइक मिलने से हड़कंप मच गया। पुलिस को सूचना मिली जिसके बाद खोजबीन में गन्ने के खेत से एक युवक अचेत मिला। युवक रवि कुमार ने बताया कि शराब के नशे में बाइक से गिरकर वह खेत में सो गया था। पुलिस ने उसे चेतावनी देकर छोड़ दिया।

नरकटियागंज। बलथर मुख्य मार्ग पर सोमवार की सुबह एक लावारिस बाइक मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। कटघरवा के पास सड़क किनारे झाड़ियों में पड़ी बाइक और आसपास बिखरे कपड़े चप्पल देखकर स्थानीय लोग किसी बड़ी अनहोनी की आशंका से जताने लगे।

लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। बाइक के साथ पड़े सामान से शक और गहराया, जिसके बाद पुलिस ने आसपास के गन्ने के खेतों में छानबीन शुरू की। तलाशी के दौरान खेत में युवक अचेत अवस्था में मिला।

स्थिति देखकर पुलिस ने पहले उसे मृत समझ लिया और वरीय अधिकारी को भी सूचित कर दिया, लेकिन तभी अचानक सभी दंग रह गए, जब उसके पास जाने पर युवक उठकर बैठा और बोला साहब, अभी तो मैं जिंदा हूं। पुलिस ने उसकी पहचान बगहा पुलिस जिला के रामनगर थाना क्षेत्र के सिलवटिया गांव निवासी रवि कुमार के रूप में की है।

पुलिस की पूछताछ में रवि ने बताया कि वह पोखरिया गांव स्थित अपने ससुराल से लौट रहा था। वहां उसने शराब पी ली थी। नशे की हालत में बाइक से संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे गिर पड़ा। इसके बाद वह पास के गन्ने के खेत में जाकर गहरी नींद में सो गया।

घटना की जानकारी पर आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। पुलिस ने युवक को समझाते हुए भविष्य में ऐसी लापरवाही नहीं करने की हिदायत के साथ घर भेज दिया। थानाध्यक्ष ज्वाला कुमार सिंह ने बताया कि जिस समय वह पुलिस को मिला उस समय वह नशा में नहीं था। उसे डांट फटकार कर मुक्त कर दिया गया है।

Read more

Local News