रांची: डालटनगंज की एक युवती ने झारखंड के सिमडेगा वायरलेस कार्यालय में कार्यरत एक सब-इंस्पेक्टर के खिलाफ यौन शोषण का मामला दर्ज कराया है. युवती की शिकायत पर रांची के महिला थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है.
- रांची के महिला थाने में दिए गए आवेदन में पीड़िता ने बताया है कि वह मूल रूप से झारखंड के पलामू की रहने वाली है. वह पढ़ाई के लिए रांची के एक हॉस्टल में रह रही है. रांची में रहने के दौरान इंस्टाग्राम के जरिए उसकी जान-पहचान झारखंड पुलिस के एक सब-इंस्पेक्टर से हुई, जो सिमडेगा वायरलेस कार्यालय में कार्यरत है. धीरे-धीरे सब-इंस्पेक्टर से उसकी जान-पहचान प्यार में बदल गई.
- इस दौरान दोनों की मुलाकातें भी होने लगीं. इसी बीच सब-इंस्पेक्टर उसे रांची के पुंदाग स्थित अपने आवास पर भी ले जाने लगा, जहां उनके बीच कई बार शारीरिक संबंध भी बने. इस दौरान सब-इंस्पेक्टर उससे शादी करने की बात करता रहा और लगातार संबंध भी बनाता रहा.
- लड़की का आरोप है कि जब उसने सब-इंस्पेक्टर से शादी की बात की तो पहले तो वह टालता रहा, लेकिन जब उसने उस पर दबाव डाला तो सब-इंस्पेक्टर ने उसका मोबाइल नंबर ब्लॉक कर दिया और बात करना भी बंद कर दिया. इसी बीच, लड़की 19 जून 2025 को सब-इंस्पेक्टर से मिलने और बात करने सिमडेगा पहुंची, जहां सब-इंस्पेक्टर ने बस स्टैंड पर ही उसकी पिटाई कर दी और उसे वहां से भगा दिया.
लड़की ने अपने आवेदन में यह भी लिखा है कि इसी बीच उसके पिता की तबीयत खराब हो गई, जिसके कारण वह अपने घर लौट आई. वापस लौटने पर उसने महिला थाने में आकर प्राथमिकी दर्ज कराई. अपनी प्राथमिकी में लड़की ने आरोपी सब-इंस्पेक्टर के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गुहार लगाई है.
पुलिस जांच में जुटी
लड़की की शिकायत पर महिला थाने में कांड संख्या 20/2025 दर्ज कर लिया गया है. मामले की जांच की जिम्मेदारी सब-इंस्पेक्टर निर्मला महतो को दी गई है.


