समस्तीपुर में सीबीआई ने रेलवे में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए वाणिज्य अधीक्षक को गिरफ्तार किया। रक्सौल रेलवे स्टेशन के पार्सल कार्यालय में रिश्वतखोरी के मामले में बुकिंग क्लर्क के पकड़े जाने के बाद यह गिरफ्तारी हुई। पूछताछ में वाणिज्य अधीक्षक माणिक चंद का नाम सामने आने पर उन्हें समस्तीपुर स्थित आवास से गिरफ्तार किया गया।
समस्तीपुर। रेलवे में भ्रष्टाचार के खिलाफ केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए समस्तीपुर रेल मंडल के वाणिज्य अधीक्षक को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई रक्सौल रेलवे स्टेशन के पार्सल कार्यालय में रिश्वतखोरी के मामले में की गई।
मंगलवार की देर शाम सीबीआई की विशेष टीम ने रक्सौल में पार्सल कार्यालय पर छापेमारी कर बुकिंग क्लर्क वीरेश कुमार को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथों गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान वीरेश ने स्वीकार किया कि वह यह रिश्वत वाणिज्य अधीक्षक माणिक चंद के कहने पर ले रहा था।
इसके बाद सीबीआई की टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए समस्तीपुर पहुंचकर वाणिज्य अधीक्षक माणिक चंद को उनके सरकारी आवास से गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि गिरफ्तारी के वक्त माणिक चंद अपने सरकारी क्वार्टर में ही मौजूद थे।
इस पूरी कार्रवाई में सीबीआई की सात सदस्यीय टीम शामिल रही। रेलवे मंडल के अधिकारियों के भ्रष्टाचार में संलिप्तता सामने आने से विभाग में हड़कंप मच गया है। फिलहाल मामले की गहन जांच की जा रही है और सीबीआई अन्य संबंधित लोगों की भूमिका की भी पड़ताल कर रही है।


