Friday, March 27, 2026

हजारीबाग में अपराधियों द्वारा दो व्यवसायियों को गोली मार दी गई. जिले में पिछले 5 दिन में चौथी आपराधिक घटना है.

Share

हजारीबाग: जिले में इन दिनों अपराधी बेलगाम हो गए हैं. हजारीबाग में पिछले चार दिनों के अंदर अपराधियों के द्वारा एक से बाद एक घटना को अंजाम देकर कानून व्यवस्था को चुनौती दे रही है. बुधवार को अपराधियों ने केरेडारी प्रखंड अंतर्गत सीकरी थाना क्षेत्र में दो लोगों को गोली मार दी है. दोनों व्यक्ति सूकर पालन का व्यवसाय करता था.

हजारीबाग के सीकरी थाना क्षेत्र अंतर्गत पतरा पुल के समीप अज्ञात अपराधियों ने दो लोगों को निशाना बनाकर तीन राउंड फायरिंग की है. जिससे दोनों व्यक्ति घायल हो गए हैं. घायल व्यक्ति उरीमारी थाना क्षेत्र के लुनगा गांव निवासी कालेश्वर बेदिया और बैजू बेदिया है. घायल व्यक्ति बैजू बेदिया ने बताया कि बीजीआर कंपनी के कार्यालय से सूकर को खिलाने के लिए अपशिष्ट भोजन लेकर ऑटो वाहन से फॉर्म जा रहे थे. इसी दौरान तीन मोटरसाइकिल पर सवार 6 अज्ञात अपराधी पतरा पुल के समीप दनादन तीन राउंड फायरिंग की और फरार हो गए.

उन्होंने बताया कि अज्ञात अपराधियों के द्वारा 15 दिन पहले धमकियां दी गई थी और पांच लाख रुपए लेवी भी मांगा गया था. लेकिन इस बात को उन्होंने दरकिनार कर दिया था. इसके बाद ऐसी घटना घटी है. बता दें कि इस घटना से कुछ दिन पहले भी हजारीबाग में अपराधियों ने दिनदहाड़े एक जेवर दुकान में फायरिंग की थी. इसके अलावे बड़कागांव में 7 गाड़ी को आग के हवाले कर दिया था.


दोनों घायलों को सीकरी थाना पुलिस और परिजनों के द्वारा शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एंड अस्पताल हजारीबाग लाया गया है. जहां इलाज चल रहा है. पूरे मामले का सत्यापन करते हुए सीकरी थाना प्रभारी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि घटनास्थल पर पुलिस पहुंचकर जांच कर रही है. थाना प्रभारी ने कहा कि जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर मामले का उद्वेदन किया जाएगा.

Read more

Local News