Friday, March 27, 2026

पलामू में हथियार के साथ सोशल मीडिया पर वीडियो अपलोड करने वाले दो दोस्तों को गिरफ्तार किया गया है.

Share

पलामू: सोशल मीडिया पर फॉलोअर बढ़ाने के लिए लोग किसी हद तक चले जा रहे हैं. फॉलोअर्स बढ़ाने के लिए लोग हथियार का भी इस्तेमाल करना शुरू कर दिया है. पलामू पुलिस की कार्रवाई में इसका खुलासा हुआ है.

पलामू पुलिस को सूचना मिली थी कि नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र में दो युवक हथियार के साथ वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में अपलोड कर रहे हैं और लोगों को अपना हथियार भी दिखा रहे हैं. सूचना के आलोक में नौडीहा बाजार थाना प्रभारी अमित कुमार द्विवेदी के नेतृत्व में पुलिस ने छापेमारी की.

इस छापेमारी में नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र के करकट्टा मंगरडीह के रहने वाले सोनू कुमार और पिपरा थाना क्षेत्र के श्रीपालपुर के रहने वाले सूरज कुमार को गिरफ्तार किया. पुलिस ने मौके से देशी कट्टा भी बरामद की है. पुलिस ने जब गिरफ्तार किए गए लोगों में से एक से पूछताछ की तो चौंकाने वाली जानकारी सामने आई.

सोनू और सूरज सोशल मीडिया पर अपने फॉलोअर्स की संख्या बढ़ाना चाहते थे. उन्हें लगा था कि हथियार के साथ सोशल मीडिया पर फोटो वीडियो अपलोड करने के बाद उनके फॉलोअर्स की संख्या बढ़ जाएगी. हथियार के लिए दोनों ने अपने एक मित्र से संपर्क किया था. मित्र ने दोनों को हथियार दिया और इसके बाद दोनों हथियार के साथ सोशल मीडिया पर रील और फोटो को अपलोड करने लगे.

नौडीहा बाजार के थाना प्रभारी अमित कुमार द्विवेदी ने बताया कि गिरफ्तार दोनों युवक सोशल मीडिया पर फॉलोअर्स बढ़ाने के लिए हथियार रखा था. दोनों को एक मित्र के द्वारा हथियार उपलब्ध करवाया गया था. पूरे मामले में हथियार देने वाले मित्र के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज की गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. दोनों इंस्टाग्राम एवं अन्य सोशल मीडिया पर अपने फॉलोअर्स की संख्या बढ़ाना चाहते थे.

इस कार्रवाई के बाद पलामू पुलिस के तरफ से कहा गया है कि हथियार रखने वाले और हथियार के साथ फोटो-वीडियो बनाने वाले के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. मामले में आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी की जाएगी.

Read more

Local News