Friday, March 27, 2026

प्रेम संबंध से नाराज मां-बाप ने बेटी को गला दबाकर मार डाला, शव जलाया

Share

पुलिस ने प्रेमी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी मां-बाप को गिरफ्तार किया

बागपत : जिले के बड़ौत क्षेत्र के लुहारी गांव में प्रेम प्रसंग के चलते मां-बाप ने बेटी की गला दबाकर हत्या कर दी. इसके बाद उसके शव को जला दिया. मामले का खुलासा तब हुआ, जब बेटी के प्रेमी ने पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने शव के अवशेष बरामद किए हैं. जबकि प्रेमी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी मां-बाप को गिरफ्तार कर लिया गया है. प्रेमी ने युवती के रिश्तेदारों पर भी हत्या में शामिल होने का आरोप लगाया है.

लुहारी गांव निवासी शिवानी (22) का पड़ोस के ही रहने वाले अंकित से पिछले 5 साल से प्रेम संबंध था. दोनों अलग-अलग जाति के हैं. एक-दूसरे से शादी भी करना चाहते . बताया जा रहा है कि दोनों ने अपने-अपने घर में प्रेम संबंध का इजहार करते हुए शादी की इच्छा जताई थी. लेकिन शिवानी के घरवाले इसके लिए तैयार नहीं थे. नाराज घरवालों ने शिवानी पर रोक-टोक भी लगाई, लेकिन अंकित से उसका रिश्ता जारी रहा.

आरोप है कि इसी के चलते शिवानी के परिजनों ने मंगलवार देर रात उसकी गला दबाकर हत्या कर दी और साक्ष्य मिटाने की नीयत से शव जला दिया. शिवानी से बात होने पर अंकित को आशंका हुई. इसके बाद उसकी मौत की जानकारी हुई. अंकित ने पुलिस को इसकी सूचना दी. जिसके बाद पुलिस ने शिवानी के शव के अवशेष बरामद किए. अंकित की ही तहरीर पर शिवानी के पिता संजू और मां बबीता के खिलाफ केस दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है.

अंकित का आरोप है कि शिवानी के परिजन और रिश्तेदार लगातार दोनों के रिश्ते का विरोध कर रहे थे और इसी वजह से उसकी हत्या कर दी गई. अंकित ने आशंका जताई है कि उसकी भी जान को खतरा है. वहीं, पुलिस का कहना है की आरोपी माता पिता को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है.

Read more

Local News