छपरा रेलवे जंक्शन पर यात्रियों को अब ट्रेन के डिब्बे ढूंढने में परेशानी नहीं होगी। रेलवे स्वचालित फीडिंग डिस्प्ले बोर्ड लगा रहा है जिससे सही जानकारी मिलेगी। वर्तमान में मैनुअल फीडिंग से गलत जानकारी मिलती है। एस्केलेटर की खराबी पर भी ध्यान दिया जा रहा है और प्रतीक्षालयों को बेहतर बनाया जा रहा है। रेलवे का लक्ष्य यात्रियों को बेहतर सुविधा प्रदान करना है।
छपरा। छपरा रेलवे जंक्शन पर यात्रियों को ट्रेन के सही डिब्बे को ढूंढने में अब और परेशानी नहीं होगी।
यह समस्या जल्द ही खत्म होने वाली है, क्योंकि रेलवे ऑटोमैटिक फीडिंग डिस्प्ले बोर्ड लगाने जा रहा है। वर्तमान में, मैनुअल फीडिंग के कारण यात्रियों को अक्सर गलत जानकारी मिलती है, जिससे अफरातफरी और दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
प्रिंसिपल चीफ कमर्शियल मैनेजर पी.सी. जायसवाल ने छपरा जंक्शन के निरीक्षण के दौरान बताया कि अभी डिस्प्ले बोर्ड सिस्टम मैनुअली अपडेट किया जाता है, जिसमें गलतियों की गुंजाइश रहती है।
उन्होंने आश्वासन दिया कि इस समस्या के समाधान पर काम चल रहा है और जल्द ही ऑटोमैटिक फीडिंग डिस्प्ले बोर्ड लगाए जाएंगे, जिससे यात्रियों को सटीक जानकारी मिल सकेगी।
एस्केलेटर की खराबी पर भी हुई चर्चा
निरीक्षण के दौरान, पीसीसीएम ने प्लेटफॉर्म नंबर एक पर स्थित एस्केलेटर के लगातार खराब रहने की शिकायत को भी गंभीरता से लिया। जब उन्होंने एसएसई इलेक्ट्रिक से इस बारे में सवाल किया, तो उन्होंने बच्चों द्वारा इमरजेंसी स्विच से छेड़छाड़ को इसका कारण बताया।
हालांकि, इस जवाब से पीसीसीएम जायसवाल संतुष्ट नहीं हुए और उन्होंने स्टेशन डॉयरेक्टर राजेश प्रसाद को इस मामले पर ध्यान देने का निर्देश दिया।
प्लेटफॉर्म पर लगे कोच इंडिकेटर डिस्प्ले बोर्ड को अपग्रेड किया जा रहा है और कुछ ही समय में यह समस्या पूरी तरह समाप्त हो जाएगी। रेलवे विभाग यात्रियों की सुविधा के लिए लगातार प्रयासरत है और कई नई योजनाओं पर काम कर रहा है। प्रतीक्षालयों को भी बेहतर बनाया जा रहा है, ताकि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। विभाग का लक्ष्य यात्रियों को बेहतरीन सुविधा प्रदान करना है। – शेख रहमान, वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक


