Wednesday, September 23, 2026

रांची में एक कारोबारी से खुजली का पाउडर छिड़काकर अपराधियों ने तीन लाख रुपए से भरा बैग लूट लिया और फरार हो गए.

Share

रांची: राजधानी रांची के अरगोड़ा इलाके में एक कारोबारी के शरीर पर खुजली वाला पाउडर छिड़ककर दो अपराधियों ने कारोबारी से रुपये से भरा बैग झपट लिया और फरार हो गए. मामले की जनकारी मिलने के बाद अरगोड़ा पुलिस मामले की तफ्तीश में जुटी हुई है. छिनतई की पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई है.

बैग में थे तीन लाख रुपये

रांची के अरगोड़ा थाना क्षेत्र के सहजानंद चौक के पास शनिवार की शाम दो अपराधियों ने मनोरंजन मनीष नाम के एक कारोबारी से तीन लाख रुपये झपट लिए और फरार हो गए. मनोरंजन अपने एक मित्र के साथ रांची के कचहरी चौक स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया से एक व्यक्ति को पेमेंट करने के लिए तीन लाख रुपये निकल कर अरगोड़ा की तरफ से जा रहे थे. उसी दौरान अपराधियों ने इस वारदात को अंजाम दिया है.



बैंक के पास ही डाल दिया था खुजली पाउडर

भुक्तभोगी मनोरंजन ने बताया कि बैंक से निकलते ही उनके पूरे शरीर में खुजली होने लगी थी. जिसके बाद उन्होंने रास्ते में एक मेडिकल दुकान पर रुक कर अपना इलाज भी कराया. इसी दौरान जब वे अरगोड़ा में रुके तभी दो बाइक सवार आए और पैसे से भरा बैग झपट कर फरार हो गए. मनोरंजन के अनुसार बैंक में ही किसी ने उनपर खुजली वाला पाउडर डाल दिया था, लेकिन तब वे समझ नहीं पाए थे.

बैंक से पीछा कर रहे थे अपराधी

वहीं, मामले को लेकर अरगोड़ा थाना प्रभारी आलोक सिंह ने बताया की अपराधी बैंक से ही मनोरंजन का पीछा कर रहे थे. थाना प्रभारी ने बताया कि अपराधियों को उम्मीद थी की खुजली की वजह से कहीं न कहीं रास्ते में जरूर रुकेंगे, जहां पैसे से भरा बैग छीन लिया जाएगा. मनोरंजन रास्ते में मेडिकल दुकान में रुके, इस वजह से रास्ते में दोनों अपराधी अपने मंसूबे में कामयाब नहीं हो पाए. लेकिन जैसे ही वे खुजली से परेशान होकर अरगोड़ा में थोड़ी देर के लिए रुके, वहीं अपराधियों को मौका मिल गया और वे पैसे से भरा बैग झपट कर फरार हो गए.

बैंक और वारदात स्थल के मिले सीसीटीवी फुटेज

जिन अपराधियों के द्वारा छिनतई की वारदात को अंजाम दिया गया है, उनकी तस्वीर सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद यह पता चल रहा है कि दोनों अपराधी कारोबारी का बैंक से पीछा कर रहे थे. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों अपराधियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है.

Read more

Local News