Wednesday, July 15, 2026

दो किशोरों की ट्रेन से कटकर हुई मौत

Share

सारण के दो युवकों की मौत रील बनाने के दौरान ट्रेने से कटकर हो गयी. इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है. घटना की सूचना मिलने के बाद दोनों के परिवार के लोग सदमे में हैं.

Bihar News: बिहार के सारण जिले बहुत ही दुखद खबर आ रही है. शहर में स्टंट दिखाकर रील बनाने के चक्कर में दो किशोरों की ट्रेन से कटकर मौत हो गयी है. यह घटना मुफस्सिल थाने के विशुनपुर ओवरब्रिज रेलवे ढाला के समीप हुई, जिसके बाद रेलवे ने कचहरी स्टेशन और छपरा जंक्शन के समीप स्थित ओवरब्रिज के नीचे चौकसी बढ़ा दी है.

रेलवे ट्रैक से कई युवाओं को हटाया गया

रेलवे ट्रैक और आसपास से कई युवाओं को हटाया गया है और उन्हें हिदायत दी गयी है कि वे ऐसी खतरनाक गतिविधियों से दूर रहें. मृतकों में भेल्दी थाना क्षेत्र के कोरेया पश्चिम टोला गांव के दीपक कुमार (16) और कल्लू कुमार (15) शामिल हैं. दोनों किशोर अपने घर से काम करने के लिए चिमनी भठ्ठे पर गये थे, लेकिन इसी दौरान स्टंट करते हुए ट्रेन के सामने आ गये और उनकी मौत हो गयी.

विशुनपुर ओवरब्रिज रेलवे ढाला के पास कर रहे थे स्टंट

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, ये दोनों युवक विशुनपुर ओवरब्रिज रेलवे ढाला के पास स्टंट करने के लिए पहुंचे थे, जहां उनकी ट्रेन से कटकर मौत हो गयी. मृतकों के परिजनों में भारी शोक की लहर दौड़ गयी. कल्लू कुमार की मां चिंता देवी और दीपक कुमार की मां कलावती देवी गहरे सदमे में हैं और अपने बच्चों की मौत पर चीख-चीखकर रो रही थीं. दोनों के परिवार के लोग सदमे में हैं और उनकी आंखों से आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे हैं.

Read more

Local News