Friday, April 10, 2026

धनबाद में साइबर ठग पकड़ा गया है. मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस को सफलता मिली है.

Share

धनबाद: पुलिस ने एक साइबर ठग को गिरफ्तार किया है. पकड़े गए शख्स के पास से पुलिस ने एक मोबाइल फोन सहित पांच सिम कार्ड बरामद किया है. जिसमें से 3 सिमकार्ड के जरिए साइबर ठगी की गई है.तीनों सिम के नंबर के खिलाफ उत्तर प्रदेश और बिहार में ठगी का मामला दर्ज है. साइबर ठग से पूछताछ में पुलिस को कई अहम जानकारी मिली है. गिरफ्तारी की पुष्टि साइबर डीएसपी संजीव कुमार ने की है.

मोबाइल लोकेशन के आधार पर छापेमारी

साइबर डीएसपी ने बताया कि गिरफ्तार शख्स का नाम जीतू रविदास है. वह कुमारधुबी ओपी क्षेत्र अंतर्गत बरडंगाल स्थित अपने घर में साइबर ठगी का धंधा चला रहा था.पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर छापेमारी कर शख्स को गिरफ्तार कर लिया. साइबर डीएसपी ने बताया कि पूछताछ में पुलिस को पता चला है कि जीतू ने 6 हजार रुपये में गांव के ही एक युवक से सभी सिमकार्ड खरीदा था. पुलिस ने सिम कार्ड की खरीद-बिक्री करने वाले युवक को भी आरोपी बनाया है.

केवाईसी अपडेट कराने के नाम पर करता था ठगी

साइबर डीएसपी ने बताया कि पकड़ा गया शख्स खुद को एक बैंक का अधिकारी बताकर लोगों को फोन करता था और केवाईसी अपडेट कराने की सलाह देकर लोगों को अपने झांसे में ले लेता था. फिर मोबाइल से डाटा की जानकारी प्राप्त कर लोगों के बैंक अकाउंट से रुपये उड़ा देता था.

साइबर डीएसपी ने बताया कि साइबर ठग के पास से बरामद 3 सिम के खिलाफ NCRP पर मामला दर्ज है. आरोपी ने उत्तर प्रदेश के एक व्यक्ति से 49 हजार 980 रुपये की दो बार ठगी की है. साथ ही बिहार के एक व्यक्ति के खाते से करीब 38 हजार रुपये उड़ाए हैं. पुलिस ने आरोपी से पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. साथ ही पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई में जुट गई है.

Cyber ​​Thug Arrested In Dhanbad

Read more

Local News