रांची में 7वें आईसीसी माइनिंग समिट का आयोजन, महत्वपूर्ण खनिजों, डिजिटल तकनीक और पर्यावरण अनुकूल खनन पर हुई चर्चा
रांची: राज्य के खनन क्षेत्र में निवेश बढ़ाने, कारोबार की प्रक्रियाओं को सरल बनाने और खनिज प्रशासन को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को रांची के होटल चाणक्य बीएनआर में 7वें आईसीसी माइनिंग समिट का आयोजन किया गया। इंडियन चैंबर ऑफ कॉमर्स (आईसीसी) की झारखंड स्टेट काउंसिल की ओर से आयोजित इस सम्मेलन में खनन उद्योग से जुड़े विशेषज्ञों, अधिकारियों और विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों ने भविष्य की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया।
कार्यक्रम के दौरान ‘झारखंड माइनिंग विजन 2030’ नामक शोध पत्रिका का विमोचन किया गया। इसमें राज्य के खनन क्षेत्र में निवेश आकर्षित करने, ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को बेहतर बनाने और खनिज प्रशासन को मजबूत करने के लिए विभिन्न सुझाव और रूपरेखा प्रस्तुत की गई है।
विशेषज्ञों ने साझा किए विचार
समिट की शुरुआत आईसीसी झारखंड के चेयरमैन डॉ. अमृतांशु प्रसाद के स्वागत संबोधन से हुई। मेकॉन के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक संजय कुमार वर्मा समेत अन्य विशेषज्ञों ने भी खनन उद्योग की चुनौतियों और विकास की संभावनाओं पर अपने विचार रखे।
तीन तकनीकी सत्रों में भविष्य की रणनीति पर चर्चा
सम्मेलन में तीन तकनीकी सत्र आयोजित किए गए। पहले सत्र में महत्वपूर्ण खनिजों की खोज, उत्खनन, प्रसंस्करण और मूल्य संवर्धन से जुड़े पहलुओं पर चर्चा हुई। साथ ही इन खनिजों के लिए आयात पर निर्भरता घटाने के उपायों पर भी जोर दिया गया।
दूसरे सत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), ऑटोमेशन और डिजिटल तकनीकों के इस्तेमाल से खनन कार्यों को आधुनिक बनाने की संभावनाओं पर विचार किया गया। तीसरे सत्र में पर्यावरण संरक्षण, जल प्रबंधन, खदानों के पुनर्वास और टिकाऊ खनन की जरूरतों को प्रमुखता दी गई।
निवेश के साथ पर्यावरणीय जिम्मेदारी पर जोर
‘इनोवेट, कोलैबोरेट, सस्टेन’ थीम पर आयोजित इस समिट में झारखंड के खनन उद्योग को तकनीकी रूप से उन्नत, निवेश के अनुकूल और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार बनाने की दिशा में काम करने का संदेश दिया गया। चर्चा में यह स्पष्ट किया गया कि खनन क्षेत्र का विकास आधुनिक तकनीक, बेहतर प्रशासन और पर्यावरणीय संतुलन को साथ लेकर ही आगे बढ़ाया जाना चाहिए।
