‘खेत बचाओ अभियान’ के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, गोबर खाद और वर्मी कंपोस्ट के इस्तेमाल की दी गई सलाह
हजारीबाग, 26 नवंबर 2026। किसानों को जैविक खेती और आधुनिक कृषि तकनीकों के प्रति जागरूक करने के लिए गुरुवार को चौपारण पंचायत भवन परिसर में ‘खेत बचाओ अभियान सह बीज वितरण कार्यक्रम’ आयोजित किया गया। इसमें विभिन्न पंचायतों से पहुंचे किसानों और कृषक मित्रों को कम लागत में बेहतर पैदावार हासिल करने के तरीके बताए गए।
कार्यक्रम में कृषि वैज्ञानिक विजय बहादुर सिंह चौहान ने मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने के लिए प्राकृतिक खाद के इस्तेमाल पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि रासायनिक उर्वरकों और कीटनाशकों का लगातार उपयोग मिट्टी की गुणवत्ता और उसकी उपजाऊ क्षमता को प्रभावित कर सकता है।
जैविक खाद के इस्तेमाल की दी सलाह
कृषि वैज्ञानिक ने किसानों को गोबर खाद, जैविक खाद और वर्मी कंपोस्ट का अधिक उपयोग करने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि प्राकृतिक संसाधनों को खेती में शामिल कर मिट्टी की सेहत बेहतर बनाए रखने में मदद मिल सकती है।
उन्होंने वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों की जानकारी देते हुए किसानों को कम खर्च में उत्पादन बढ़ाने के उपाय भी समझाए।
गांव-गांव तक पहुंचे कृषि योजनाओं की जानकारी
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुकुंद साव ने कृषक मित्रों से अपील की कि वे गांवों में किसानों तक सरकारी योजनाओं और आधुनिक खेती से जुड़ी जानकारी पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि किसानों को सही मार्गदर्शन मिलने से कम लागत में बेहतर उत्पादन और आत्मनिर्भरता की दिशा में मदद मिल सकती है।
कार्यक्रम के समापन पर मुकुंद साव ने विभिन्न पंचायतों से आए कृषक मित्रों के बीच बीज वितरित किए।
इस अवसर पर मुखिया प्रतिनिधि विनोद सिंह, एटीएम राजेश कुमार, कृषि वैज्ञानिक विजय बहादुर सिंह चौहान, डॉ. काशीनाथ, डॉ. आशा कुमारी समेत कई पंचायतों के कृषक मित्र और अन्य लोग उपस्थित थे।
