Saturday, November 28, 2026

दुबई की जेल में बंद पलामू के शशि पासवान से परिवार का संपर्क टूटा

Share

परिजनों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मिलकर लगाई गुहार, सरकार की ओर से आवश्यक कदम उठाने का मिला भरोसा

पलामू: दुबई की जेल में बंद झारखंड के पलामू जिले के शशि पासवान से पिछले कई दिनों से उनके परिवार की बातचीत नहीं हो पा रही है। परिजनों के मुताबिक, 17 नवंबर को उनसे आखिरी बार संपर्क हुआ था। इस बीच उनकी तबीयत खराब होने की जानकारी भी सामने आई है। परिवार ने उनकी स्थिति और रिहाई को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मदद मांगी है।

गुरुवार को शशि पासवान के परिजनों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की। इस दौरान हेमंत सोरेन ने मामले को लेकर जरूरी कदम उठाने का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री के भरोसे के बाद परिवार को शशि की रिहाई की उम्मीद जगी है।

अप्रैल 2026 में नौकरी के लिए गए थे दुबई

शशि पासवान पलामू जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र की पथरा पंचायत के ददरा गांव के निवासी हैं। वह अप्रैल 2026 में दुबई की एक निर्माण कंपनी में हेल्पर की नौकरी करने गए थे। इसी दौरान उनकी बहन की शादी तय हुई। बताया गया है कि शादी के लिए पैसों की व्यवस्था के सिलसिले में वह दुबई के एक एजेंट के संपर्क में आए थे।

इसके बाद वित्तीय अनियमितता और एजेंट से जुड़े मामले में दुबई पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। उनकी रिहाई के लिए परिवार अब तक विभिन्न स्तरों पर अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से गुहार लगा चुका है।

वित्तीय धोखाधड़ी के मामले में दर्ज है केस

परिजनों ने बिहार सरकार के अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण मंत्री लखेंद्र कुमार रौशन से भी मुलाकात की थी। उनके माध्यम से मिली जानकारी के अनुसार, शशि कुमार पासवान को दुबई में वित्तीय धोखाधड़ी से जुड़े मामले में केस नंबर 27175/2026 के तहत हिरासत में लिया गया है।

परिवार को बताया गया था कि मामले की पहली सुनवाई 16 नवंबर और दूसरी सुनवाई 23 नवंबर को हुई। दूसरी सुनवाई के बाद शशि को दूसरी जेल में स्थानांतरित किए जाने की बात भी सामने आई थी।

भाई बोले- 17 नवंबर के बाद नहीं हुई बातचीत

शशि के भाई रवि पासवान के अनुसार, 17 नवंबर के बाद से परिवार की उनसे कोई बात नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि भाई की तबीयत भी खराब होने की सूचना मिली थी। जेल स्थानांतरण की जानकारी के बाद से परिजन उनकी मौजूदा स्थिति को लेकर चिंतित हैं।

पथरा पंचायत के मुखिया नरेश पासवान ने बताया कि शशि की रिहाई के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इस संबंध में विदेश मंत्रालय से भी बातचीत की गई है। बिहार के मंत्री के माध्यम से भी मामले से जुड़ी जानकारियां जुटाई गई हैं। अब परिवार को मुख्यमंत्री के आश्वासन से आगे की कार्रवाई की उम्मीद है।

Read more

Local News