Friday, November 27, 2026

Stock Market Closing: सेंसेक्स में 989 अंकों की गिरावट, निफ्टी 25,607 के स्तर पर बंद

Share

नई दिल्ली: भारतीय शेयर बाजार में शुक्रवार, 27 नवंबर को बिकवाली का दबाव देखने को मिला। कारोबार के अंत में बीएसई सेंसेक्स और एनएसई निफ्टी दोनों प्रमुख सूचकांक गिरावट के साथ बंद हुए। सेंसेक्स 989 अंक से अधिक लुढ़क गया, जबकि निफ्टी 25,607 के स्तर पर आ गया। बाजार में ज्यादातर दिग्गज कंपनियों के शेयरों में कमजोरी रही।

सेंसेक्स 989.33 अंक यानी 1.17 प्रतिशत गिरकर 83,339.26 पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 83,334.64 के निचले स्तर तक पहुंच गया था। यह पिछले बंद स्तर से 993.95 अंक नीचे था। शुक्रवार को सेंसेक्स की शुरुआत 84,093.24 पर हुई थी। इससे पिछले कारोबारी सत्र में यह 84,328.59 पर बंद हुआ था।

इसी तरह निफ्टी 50 में भी गिरावट दर्ज की गई। सूचकांक 277.30 अंक यानी 1.07 प्रतिशत टूटकर 25,607.20 पर आ गया। दिन की शुरुआत निफ्टी ने 25,839.25 के स्तर से की थी, जबकि इसका पिछला बंद भाव 25,884.50 था।

इन छह शेयरों में रही तेजी

बाजार में व्यापक गिरावट के बावजूद सेंसेक्स के केवल छह शेयर बढ़त के साथ बंद हुए। इनमें BEL सबसे आगे रहा। इसके शेयर में 1.56 प्रतिशत की तेजी आई और यह 411.10 रुपये पर पहुंच गया।

अन्य बढ़त वाले शेयरों में टाइटन 0.95 प्रतिशत चढ़कर 4,674.80 रुपये, इंडिगो 0.50 प्रतिशत बढ़कर 5,655 रुपये, टाटा स्टील 0.46 प्रतिशत ऊपर 164.10 रुपये, पावरग्रिड 0.37 प्रतिशत की तेजी के साथ 268 रुपये और ट्रेंट 0.23 प्रतिशत बढ़कर 3,270.10 रुपये पर बंद हुआ।

IT शेयरों पर सबसे ज्यादा दबाव

गिरावट वाले शेयरों में एचसीएल टेक सबसे आगे रहा। इसका शेयर 2.81 प्रतिशत टूटकर 1,423.80 रुपये पर बंद हुआ। इन्फोसिस में 2.55 प्रतिशत की गिरावट आई और यह 1,152 रुपये पर आ गया। टीसीएस 2.46 प्रतिशत फिसलकर 2,575 रुपये पर बंद हुआ।

इसके अलावा बजाज फिनसर्व में 2.17 प्रतिशत, टेक महिंद्रा में 2.15 प्रतिशत और एक्सिस बैंक में 2.04 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। इनके शेयर क्रमशः 1,848 रुपये, 1,815 रुपये और 1,380.10 रुपये पर बंद हुए।

अन्य प्रमुख शेयरों में मारुति 1.85 प्रतिशत, कोटक बैंक 1.76 प्रतिशत, अदाणी पोर्ट्स 1.57 प्रतिशत, बजाज फाइनेंस 1.46 प्रतिशत और इटरनल 1.45 प्रतिशत गिरा। अल्ट्राटेक सीमेंट में 1.36 प्रतिशत, भारती एयरटेल में 1.29 प्रतिशत, आईसीआईसीआई बैंक में 1.27 प्रतिशत और रिलायंस में 1.21 प्रतिशत की कमजोरी रही।

एचडीएफसी बैंक 1.10 प्रतिशत, एसबीआई 1.01 प्रतिशत, महिंद्रा एंड महिंद्रा 1 प्रतिशत, आईटीसी 0.75 प्रतिशत, एलएंडटी 0.72 प्रतिशत, एनटीपीसी 0.69 प्रतिशत और सन फार्मा 0.63 प्रतिशत गिरकर बंद हुए। हिंदुस्तान यूनिलीवर और एशियन पेंट्स में क्रमशः 0.47 प्रतिशत और 0.42 प्रतिशत की गिरावट रही।

अगले सप्ताह बाजार में सुधार की उम्मीद: सिद्धार्थ खेमका

मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज के हेड ऑफ रिसर्च (वेल्थ मैनेजमेंट) सिद्धार्थ खेमका के मुताबिक, निफ्टी में करीब 1.1 प्रतिशत की गिरावट के पीछे कच्चे तेल की बढ़ती कीमतें और निवेशकों की मुनाफावसूली प्रमुख वजह रहीं।

हालांकि, इस दौरान मिडकैप 100 में 0.1 प्रतिशत और स्मॉलकैप 100 में 0.6 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई। खेमका का अनुमान है कि अगले सप्ताह बाजार में धीरे-धीरे सुधार देखने को मिल सकता है। इसकी वजह व्यापक बाजार में निवेशकों की बढ़ती भागीदारी और विदेशी तथा घरेलू संस्थागत निवेशकों (FII और DII) की ओर से खरीदारी की वापसी है।

IT में गिरावट, केमिकल और मेटल शेयरों में तेजी

शुक्रवार को विभिन्न सेक्टरों का प्रदर्शन अलग-अलग रहा। पिछले चार कारोबारी सत्रों में करीब 8 प्रतिशत की तेजी के बाद निफ्टी आईटी इंडेक्स 1.9 प्रतिशत गिर गया। दूसरी ओर केमिकल और मेटल सेक्टर में 1.4-1.4 प्रतिशत की बढ़त रही।

केमिकल क्षेत्र में सोलर इंडस्ट्रीज, दीपक नाइट्राइट और पीआई इंडस्ट्रीज के शेयर चर्चा में रहे। रिपोर्ट के मुताबिक, कच्चे माल की लागत में नरमी से इन कंपनियों को समर्थन मिला।

कच्चे तेल की कीमतों में उछाल से चिंता

खेमका के अनुसार, इस सप्ताह ब्रेंट क्रूड की कीमत करीब 5 प्रतिशत बढ़कर 97 डॉलर प्रति बैरल के आसपास पहुंच गई। पश्चिम एशिया में दोबारा बढ़े तनाव को इसकी प्रमुख वजह बताया गया है। कुवैत में ड्रोन हमले, होर्मुज जलडमरूमध्य में नौसैनिक घटनाओं और हूती-सऊदी संघर्ष के चलते तेल आपूर्ति और निर्यात को लेकर चिंताएं बढ़ी हैं।

आठवें वेतन आयोग से खपत को मिल सकता है सहारा

विशेषज्ञ के मुताबिक, आठवें केंद्रीय वेतन आयोग के लागू होने से घरेलू खपत में बढ़ोतरी की संभावना है। इसकी अनुमानित राजकोषीय लागत 2.4 से 2.8 लाख करोड़ रुपये हो सकती है, जबकि खपत में 1.6 से 1.9 लाख करोड़ रुपये तक का इजाफा होने का अनुमान है।

इसका सकारात्मक असर यात्री वाहन, दोपहिया और एफएमसीजी जैसे क्षेत्रों पर पड़ सकता है। यदि आयोग की सिफारिशें जनवरी 2026 से पूर्वव्यापी प्रभाव से लागू होती हैं, तो एरियर के भुगतान से खपत को अतिरिक्त बढ़ावा मिल सकता है।

अगले सप्ताह इन आर्थिक आंकड़ों पर रहेगी नजर

खेमका का मानना है कि भारत की आर्थिक विकास दर का परिदृश्य मजबूत बना हुआ है। वित्त वर्ष 2027 में 7.5 प्रतिशत और वित्त वर्ष 2028 में 7 प्रतिशत वास्तविक जीडीपी वृद्धि का अनुमान है। सरकारी पूंजीगत खर्च और घरेलू मांग को इसका प्रमुख आधार बताया गया है।

हालांकि, बढ़ती महंगाई अब भी अर्थव्यवस्था के लिए चुनौती बनी हुई है। दूसरी ओर मजबूत एफपीआई प्रवाह से रुपये को लेकर बाजार का रुख बेहतर हुआ है।

आने वाले सप्ताह में निवेशकों की नजर 30 नवंबर को जारी होने वाले भारत के जीडीपी आंकड़ों, अमेरिका के रोजगार संबंधी आंकड़ों और 4 दिसंबर को होने वाली भारतीय रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति समीक्षा पर रहेगी।

Read more

Local News