रांची: एमएमडीआर संशोधन अधिनियम, 2026 के विरोध में विधानसभा में लाए गए राजकीय संकल्प का समर्थन करते हुए देवघर के राजद विधायक सुरेश पासवान ने केंद्र सरकार पर झारखंड के साथ सौतेला व्यवहार करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि केंद्र की नीतियों के कारण राज्य का विकास प्रभावित हुआ है। झारखंड की खनिज संपदा का दोहन कर उसे बाहर ले जाया जा रहा है, जबकि यहां के गरीब, आदिवासी और पिछड़े वर्ग के लोग अब भी बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं।
विधायक ने कहा कि झारखंड की संपदा पर पहला अधिकार यहां के लोगों का होना चाहिए। राज्य के प्राकृतिक संसाधनों का उपयोग स्थानीय विकास और जनता के हित में किया जाना चाहिए।
खनन के कारण विस्थापित लोगों के सामने अस्तित्व का संकट
सुरेश पासवान ने कहा कि खनन परियोजनाओं के लिए जिन लोगों की जमीन अधिग्रहित की गई है, उनके सामने आजीविका और अस्तित्व का संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने कहा कि खनिज संपदा से होने वाला लाभ राज्य के लोगों तक पहुंचना चाहिए। स्थानीय लोगों के हितों की अनदेखी नहीं की जा सकती।
झारखंड के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष का ऐलान
विधायक ने केंद्र सरकार पर संविधान को कमजोर करने की कोशिश करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की नीतियों से देश की संपत्तियों को निजी हाथों में सौंपे जाने का खतरा है। पासवान ने आरोप लगाया कि झारखंड की संपदा को भी निजी हाथों में देने की कोशिश की जा रही है।
उन्होंने कहा कि झारखंड अपने हक और अधिकारों से पीछे नहीं हटेगा। राज्य के संसाधनों और अधिकारों की रक्षा के लिए सदन से सड़क तक संघर्ष किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी कीमत पर झारखंड की संपत्ति को बेचने नहीं दिया जाएगा।
