रांची : झारखंड सरकार ने विकास योजनाओं की लागत बढ़ाने और संशोधित प्रशासनिक स्वीकृति देने की प्रक्रिया को सख्त कर दिया है। अब किसी भी परियोजना की मूल लागत चाहे जितनी हो, उसमें 50 करोड़ रुपये से अधिक की वृद्धि होने पर प्रस्ताव राज्य योजना प्राधिकृत समिति के समक्ष रखना अनिवार्य होगा। लागत में बढ़ोतरी 20 प्रतिशत से कम होने पर भी यह नियम लागू रहेगा।
समिति के विचार के बाद सक्षम प्राधिकार से संशोधित प्रशासनिक स्वीकृति लेनी होगी। इस संबंध में मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग ने अधिसूचना जारी कर दी है। इससे पहले 27 अक्टूबर 2026 को हुई मंत्रिपरिषद की बैठक में मद संख्या 28 के तहत इस प्रस्ताव को मंजूरी दी गई थी।
बड़ी परियोजनाओं की लागत बढ़ने पर रहेगी निगरानी
सरकार के इस फैसले का असर सड़क, पुल, भवन निर्माण, सिंचाई, शहरी आधारभूत संरचना और जलापूर्ति जैसी बड़ी परियोजनाओं पर पड़ सकता है। इन योजनाओं में लागत का प्रतिशत कम बढ़ने पर भी सरकारी खजाने पर बड़ा अतिरिक्त वित्तीय बोझ पड़ सकता है।
उदाहरण के तौर पर, यदि किसी परियोजना की मूल लागत 500 करोड़ रुपये है और उसमें 15 प्रतिशत की वृद्धि होती है, तो सरकार को 75 करोड़ रुपये अतिरिक्त खर्च करने होंगे। नए नियम के तहत इस तरह की परियोजना की लागत बढ़ाने के प्रस्ताव की भी राज्य योजना प्राधिकृत समिति समीक्षा करेगी।
वर्ष 2023 में तय किए गए थे वित्तीय अधिकार
राज्य सरकार ने सितंबर 2023 में नई योजनाओं को प्रशासनिक स्वीकृति देने के लिए अलग-अलग स्तरों पर वित्तीय अधिकार निर्धारित किए थे। इसके तहत विभागीय सचिव को 2.50 करोड़ रुपये तक और विभागीय मंत्री को 15 करोड़ रुपये तक की योजनाओं को मंजूरी देने का अधिकार दिया गया था।
इससे अधिक लागत वाली योजनाओं की स्वीकृति के लिए राज्य योजना प्राधिकृत समिति और मंत्रिपरिषद का स्तर निर्धारित किया गया था। अब परियोजनाओं की लागत में 50 करोड़ रुपये से अधिक की वृद्धि होने पर समिति की समीक्षा और संशोधित प्रशासनिक स्वीकृति की प्रक्रिया अनिवार्य होगी।
