रांची | 30 अक्टूबर 2026
रांची रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्य के दौरान यात्रियों की आवाजाही और शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के मुद्दे पर झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को मंडल रेल प्रबंधक (DRM) करुणानिधि सिंह से मुलाकात की। बैठक में निर्माण अवधि के दौरान वैकल्पिक रास्ते, टिकट काउंटर, पार्किंग और ट्रेनों के ठहराव को लेकर सुझाव दिए गए।
प्लेटफॉर्म-1 के भवन को चरणबद्ध तरीके से हटाने का सुझाव
चैंबर अध्यक्ष तुलसी पटेल ने कहा कि प्लेटफॉर्म नंबर-1 के पुराने भवन को हटाकर नए निर्माण की प्रक्रिया शुरू होने से स्टेशन पर यात्रियों और वाहनों का दबाव बढ़ सकता है। उन्होंने इस स्थिति से निपटने के लिए पहले से वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने की जरूरत बताई।
उन्होंने सुझाव दिया कि मुरी की ओर से आने वाली ट्रेनों का ठहराव नामकुम स्टेशन और लोहरदगा की ओर से आने वाली ट्रेनों का ठहराव पिस्का स्टेशन पर करने के प्रस्ताव पर विचार किया जाए। इसके अलावा आउटर ओवरब्रिज की ओर से वैकल्पिक आवागमन मार्ग खुला रखने की मांग भी रखी।
पुराने प्लेटफॉर्म के बाहर बनेगा टिकट काउंटर
DRM करुणानिधि सिंह ने प्रतिनिधिमंडल को बताया कि प्लेटफॉर्म नंबर-1 के पुराने भवन को एक साथ नहीं हटाया जाएगा, बल्कि इसे चरणबद्ध तरीके से हटाने की योजना है।
यात्रियों की सुविधा के लिए पुराने प्लेटफॉर्म नंबर-1 के बाहर फूड प्लाजा के पास टिकट काउंटर बनाया जाएगा। पार्सल कार्यालय की ओर से भी आवागमन का रास्ता उपलब्ध रहेगा। इसके साथ ही फुट ओवरब्रिज को चालू रखा जाएगा, ताकि यात्रियों को प्लेटफॉर्म तक पहुंचने में परेशानी न हो।
स्टेशन के आसपास सड़क चौड़ीकरण और पार्किंग पर विचार
बैठक में स्टेशन के आसपास यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने पर भी चर्चा हुई। DRM ने बताया कि स्टेशन के चारों ओर करीब 22 मीटर तक सड़क चौड़ी करने का प्रस्ताव है।
पार्किंग की बढ़ती जरूरत को देखते हुए दक्षिण पूर्व रेलवे के खेल मैदान को पार्किंग स्थल में बदलने के विकल्प पर भी विचार किया जा सकता है। हालांकि, इस संबंध में अभी अंतिम निर्णय की जानकारी नहीं दी गई है।
चैंबर के कई पदाधिकारी रहे मौजूद
इस मुलाकात में चैंबर महासचिव रोहित अग्रवाल, उपाध्यक्ष विकास विजयवर्गीय, सह सचिव अमित शर्मा और पूजा ढाढा, कोषाध्यक्ष नवजोत अलंग, कार्यकारिणी सदस्य राम बांगड़ तथा डीआरयूसीसी सदस्य विवेक अग्रवाल शामिल हुए।
प्रतिनिधिमंडल ने स्टेशन पुनर्विकास के दौरान यात्रियों की सुविधा और सुचारु यातायात व्यवस्था को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
BHARATSUPERFASTNEWS
