रांची: परमवीर चक्र विजेता शहीद लांस नायक अलबर्ट एक्का के परिवार से जुड़े ट्रैक्टर मामले में कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने हस्तक्षेप किया है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर कृषि कार्य के लिए उपलब्ध कराए गए ट्रैक्टर को वापस लिए जाने की जानकारी मिलने के बाद मंत्री ने विंसेंट एक्का को ट्रैक्टर की चाबी दोबारा सौंप दी।
अखबार में खबर के बाद मंत्री ने ली जानकारी
मंत्री को जब ट्रैक्टर वापस लिए जाने की जानकारी मिली तो उन्होंने कृषि विभाग के अधिकारियों और संबंधित एजेंसी के प्रतिनिधियों को बुलाकर पूरे मामले की जानकारी ली। इसके बाद एजेंसी को शोकॉज नोटिस जारी करने का निर्देश दिया गया।
शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि विभाग को उचित जानकारी दिए बिना ट्रैक्टर वापस लिया जाना निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप नहीं था। उन्होंने अधिकारियों को मामले में विभागीय नियमों के अनुसार आगे की कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर मिला था ट्रैक्टर
विभाग के अनुसार, मुख्यमंत्री के निर्देश पर विंसेंट एक्का को कृषि कार्य के लिए सरकार की ओर से ट्रैक्टर उपलब्ध कराया गया था। मंत्री ने कहा कि मामले का समाधान मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुरूप किया जाएगा, ताकि शहीद के परिवार को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
विंसेंट एक्का ने भी अधिकारियों के व्यवहार को लेकर मंत्री के समक्ष अपनी आपत्ति रखी और उचित कार्रवाई की मांग की। मंत्री ने उनकी बात सुनी और अधिकारियों को शहीद परिवारों से संबंधित मामलों में संवेदनशीलता और सम्मान के साथ निर्धारित प्रक्रिया का पालन करने को कहा।
अलबर्ट एक्का को बताया झारखंड का गौरव
कृषि मंत्री ने कहा कि परमवीर चक्र विजेता शहीद लांस नायक अलबर्ट एक्का का शौर्य और बलिदान देश के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि उनके परिवार के सम्मान और अधिकारों से जुड़े मामलों में सरकार गंभीरता से काम करेगी।
मंत्री ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि शहीद परिवारों से जुड़े विषयों में मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए नियमों के तहत आवश्यक कार्रवाई की जाए।
कार्यक्रम में ये लोग रहे मौजूद
इस मौके पर गुमला जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजनील तिग्गा, चैनपुर प्रमुख प्रमोद खलखो, गुमला जिला कांग्रेस महासचिव अलबर्ट तिग्गा और पंचायत समिति सदस्य सुनीता एक्का समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
BHARATSUPERFASTNEWS
