गिरिडीह: झारखंड की खूबसूरती, पर्यटन स्थलों, कला और संस्कृति को सोशल मीडिया के जरिए देश-दुनिया तक पहुंचाने वाले गिरिडीह के निशांत गुप्ता को विश्व पर्यटन दिवस 2026 के अवसर पर झारखंड के बेस्ट सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।
यह सम्मान झारखंड सरकार के पर्यटन, कला एवं संस्कृति विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में दिया गया। विभाग के सचिव मुकेश कुमार, पर्यटन निदेशक नमन प्रियेश लकड़ा और जेटीडीसी के प्रबंध निदेशक प्रेम रंजन ने निशांत गुप्ता को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
सोशल मीडिया के जरिए झारखंड की पहचान को पहुंचा रहे देश-दुनिया तक
निशांत गुप्ता गिरिडीह से रहकर झारखंड के पर्यटन स्थलों, प्राकृतिक खूबसूरती, कला और संस्कृति से जुड़ी सामग्री सोशल मीडिया पर साझा करते हैं। उनके प्रयासों के जरिए राज्य के अलग-अलग पर्यटन स्थलों और सांस्कृतिक विरासत को व्यापक दर्शकों तक पहुंचाने का काम किया जा रहा है।
‘यह सम्मान सिर्फ मेरा नहीं’
सम्मान मिलने के बाद निशांत गुप्ता ने कहा कि गिरिडीह जैसे छोटे शहर से निकलकर झारखंड की खूबसूरती, पर्यटन, कला और संस्कृति को सोशल मीडिया के माध्यम से देश-दुनिया तक पहुंचाना उनके लिए गर्व की बात है।
उन्होंने कहा कि यह सम्मान सिर्फ उनका नहीं, बल्कि गिरिडीह और झारखंड से जुड़े उन सभी लोगों का है, जिन्होंने उनके इस सफर में साथ दिया।
झारखंड की अनदेखी खूबसूरती को सामने लाने का प्रयास जारी रहेगा
निशांत गुप्ता ने कहा कि गिरिडीह की पहचान और झारखंड की अनदेखी खूबसूरती को देश-दुनिया तक पहुंचाने का प्रयास आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने इस सम्मान को अपने काम के प्रति प्रोत्साहन बताया।
