Sunday, September 27, 2026

झासा ने योगेंद्र सा.व पर कार्रवाई की मांग की, CO से दुर्व्यवहार का लगाया आरोप.

Share

रांची/हजारीबाग: झारखंड राज्य प्रशासनिक सेवा संघ (झासा) ने हजारीबाग सदर के अंचल अधिकारी (CO) आशुतोष के साथ कथित अभद्र व्यवहार और सरकारी कार्य में बाधा डालने के मामले में पूर्व मंत्री योगेंद्र साव के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। संघ का कहना है कि घटना के बाद थाने में आवेदन दिए जाने के बावजूद अब तक प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है।

18 सितंबर की घटना पर जताई चिंता

झासा की केंद्रीय कार्यकारिणी की बैठक रविवार को अध्यक्ष रंजीता हेम्ब्रम की अध्यक्षता में हुई। बैठक में 18 सितंबर को हुई घटना को लेकर चिंता जताई गई।

संघ के अनुसार, हजारीबाग सदर के CO आशुतोष एसडीओ के निर्देश पर कैंटोनमेंट क्षेत्र में खास महाल जमीन से अवैध निर्माण और अतिक्रमण हटाने पहुंचे थे। इसी दौरान योगेंद्र साव पर सरकारी कार्य में बाधा डालने और CO के साथ कथित तौर पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया गया।

FIR दर्ज नहीं होने पर उठाए सवाल

झासा का दावा है कि घटना के दिन ही संबंधित थाने में प्राथमिकी दर्ज करने के लिए आवेदन दिया गया था, लेकिन अब तक FIR दर्ज नहीं हुई है। संघ ने इस मामले में हजारीबाग जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों की भूमिका पर भी सवाल उठाया है।

कानूनी कार्रवाई और सुरक्षा की मांग

झासा ने योगेंद्र साव के खिलाफ जल्द कानूनी कार्रवाई की मांग की है। संघ ने अधिकारियों के लिए कार्यस्थल पर पर्याप्त सुरक्षा और प्रशासनिक सहयोग सुनिश्चित करने की भी मांग की है।

झासा ने चेतावनी दी है कि यदि अधिकारियों को काम के दौरान आवश्यक सुरक्षा और सहयोग नहीं मिला, तो संघ चरणबद्ध आंदोलन शुरू करने के लिए बाध्य होगा।

Read more

Local News