Wednesday, September 16, 2026

चोपन-मधुपुर के बीच नई एक्सप्रेस ट्रेन को रेलवे बोर्ड की मंजूरी, जानें रूट और समय.

Share

रांची। चोपन और मधुपुर के बीच नई एक्सप्रेस ट्रेन चलाने के प्रस्ताव को रेलवे बोर्ड ने मंजूरी दे दी है। 15 सितंबर 2026 को जारी आदेश के मुताबिक ट्रेन संख्या 13341/13342 चोपन-मधुपुर एक्सप्रेस के नाम से इस सेवा का संचालन किया जाएगा। इससे झारखंड के कई जिलों के यात्रियों को मधुपुर से सीधी रेल कनेक्टिविटी मिलने की उम्मीद है।

चोपन से रात में पहुंचेगी मधुपुर

ट्रेन संख्या 13341 चोपन से सुबह 10:40 बजे रवाना होकर रात 11:30 बजे मधुपुर पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 13342 मधुपुर से सुबह 4 बजे प्रस्थान करेगी और शाम 5 बजे चोपन पहुंचेगी।

सप्ताह में तीन दिन होगा संचालन

नई एक्सप्रेस ट्रेन दोनों दिशाओं में सप्ताह में तीन दिन चलेगी। चोपन से इसका परिचालन रविवार, सोमवार और बुधवार को होगा। वहीं, मधुपुर से ट्रेन सोमवार, मंगलवार और गुरुवार को चलेगी।

इन स्टेशनों पर मिलेगा ठहराव

चोपन-मधुपुर एक्सप्रेस के मार्ग में कई प्रमुख स्टेशनों को शामिल किया गया है। ट्रेन रेणुकूट, नगर उंटारी, रमना, गढ़वा, गढ़वा रोड, डाल्टनगंज, बरवाडीह, लातेहार, तोरी, खलारी, पतरातु, बरकाकाना, हजारीबाग टाउन, बरही, कोडरमा, महेशपुर, नवाडीह, धनवार, जमुआ और न्यू गिरिडीह में रुकेगी।

20 LHB कोच से लैस होगी ट्रेन

प्रस्तावित एक्सप्रेस ट्रेन में कुल 20 LHB कोच होंगे। इनमें 6 सामान्य श्रेणी, 8 स्लीपर, 4 AC थ्री-टियर, 1 AC टू-टियर और 1 पावर कार शामिल है। ट्रेन का प्राथमिक रखरखाव चोपन में किया जाएगा।

कई जिलों के यात्रियों को मिलेगा लाभ

नई रेल सेवा से चोपन के अलावा पलामू, लातेहार, रामगढ़, हजारीबाग, कोडरमा और गिरिडीह क्षेत्र के यात्रियों को मधुपुर की ओर आने-जाने के लिए अतिरिक्त विकल्प मिलेगा। रेलवे बोर्ड की मंजूरी के बाद अब इस सेवा के संचालन से जुड़ी आगे की प्रक्रिया पर काम किया जाएगा।

Read more

Local News