Wednesday, September 16, 2026

The Vvaan Trailer: सिद्धार्थ मल्होत्रा का ‘वीर’ अवतार, जंगल और वन देवी के रहस्य से उठेगा पर्दा.

Share

सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया स्टारर फैंटेसी-एडवेंचर फिल्म ‘द वन: फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट’ का ट्रेलर रिलीज हो गया है। भारतीय लोककथाओं और पौराणिक मान्यताओं की पृष्ठभूमि पर बनी इस फिल्म में रहस्य, रोमांच, एक्शन, हास्य और रोमांस का मेल देखने को मिल रहा है। फिल्म 25 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।

रहस्यमयी जंगल से शुरू होती है कहानी

ट्रेलर की शुरुआत घने जंगल के बीच मौजूद एक गुफा से होती है। यहां रहस्यमयी और नकारात्मक शक्तियों का संकेत मिलता है। बताया जाता है कि रात में इस जंगल में जाने वाला व्यक्ति वापस नहीं लौटता और उसका कोई सुराग तक नहीं मिलता।

इसके बाद सिद्धार्थ मल्होत्रा के किरदार की एंट्री होती है, जो जंगल से जुड़ी इन रहस्यमयी बातों को अंधविश्वास मानता नजर आता है। कहानी आगे बढ़ने के साथ उसका सामना ऐसे घटनाक्रमों से होता है, जो जंगल के रहस्य को और गहरा करते हैं।

तमन्ना के साथ दिखी प्रेम कहानी

ट्रेलर में सिद्धार्थ और तमन्ना के किरदारों के बीच रिश्ते की झलक भी दिखाई गई है। छठ की छुट्टियों को लेकर दोनों के बीच बातचीत होती है। सिद्धार्थ का किरदार छुट्टी नहीं मिलने की बात कहकर गोवा जाने की योजना बनाता है।

बाद में दोनों गांव पहुंचते हैं, जहां कहानी का संबंध वन देवी और वर्षों पुरानी मान्यताओं से सामने आता है।

विकास बनाम परंपरा का सवाल

गांव में वन देवी से जुड़ी परंपरा और विकास के मुद्दे के बीच टकराव दिखाई देता है। सिद्धार्थ का किरदार ग्रामीणों के सामने विकास और पुरानी मान्यता में से किसी एक को चुनने की बात रखता है। इसी दौरान जंगल से जुड़े रहस्यमय घटनाक्रम कहानी को नया मोड़ देते हैं।

एक दृश्य में सिद्धार्थ का किरदार जंगल में एक हादसे का शिकार होता है और उसके बाद उसके अतीत की कुछ झलकियां सामने आती हैं। मंदिर के पुजारी को लगता है कि वन देवी उसके माध्यम से कोई संकेत देना चाहती हैं।

कौन है ‘वीर’? ट्रेलर ने बढ़ाया सस्पेंस

ट्रेलर के अंतिम हिस्से में वन देवी के किरदार की झलक दिखाई जाती है। वह ‘वीर’ का आह्वान करती नजर आती हैं और संकेत देती हैं कि जब मायावी शक्तियां मानवता के लिए संकट बनेंगी, तब वीर को सामने आना होगा।

इसके बाद सिद्धार्थ के ‘वीर’ रूप की छोटी सी झलक दिखाई जाती है। हालांकि, निर्माताओं ने इस किरदार से जुड़ा रहस्य बरकरार रखा है और उसका चेहरा पूरी तरह सामने नहीं लाया गया है।

फिल्म में दिखेंगे ये कलाकार

‘द वन: फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट’ में सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया प्रमुख भूमिकाओं में हैं। फिल्म में सुनील ग्रोवर, मनीष पॉल, श्वेता तिवारी और अनूप सोनी भी अहम किरदार निभाते नजर आएंगे।

कहानी में बाघ, बैल, नंदी और योद्धा जैसे प्रतीकों का इस्तेमाल किया गया है, जिनके जरिए प्रकृति और दैवीय शक्तियों के संबंध को दिखाने की कोशिश की गई है। ट्रेलर में भगवान शिव से जुड़े संकेत भी नजर आते हैं।

फिल्म का निर्देशन दीपक मिश्रा ने किया है। इसके निर्माण से अरुणाभ कुमार भी जुड़े हैं। फिल्म को बालाजी टेलीफिल्म्स ने टीवीएफ मोशन पिक्चर्स और 11:11 प्रोडक्शंस के साथ मिलकर प्रोड्यूस किया है। ‘द वन: फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट’ 25 सितंबर 2026 को रिलीज होगी।

Read more

Local News