Saturday, September 12, 2026

झारखंड में आज कई जगह बारिश के आसार, तीन दिनों में 2-3 डिग्री बढ़ सकता है तापमान.

Share

रांची: झारखंड में मानसून की गतिविधियां अभी जारी हैं। शनिवार को राजधानी रांची समेत राज्य के कई इलाकों में बारिश देखने को मिली। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 12 से 17 सितंबर के बीच राज्य के किसी भी जिले के लिए कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है। हालांकि, इस अवधि में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक की स्थिति बन सकती है।

आज अधिकांश इलाकों में छाए रहेंगे बादल

मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को राज्य के अधिकतर हिस्सों में आसमान बादलों से ढका रह सकता है। कुछ इलाकों में बारिश होने की संभावना है। रांची में भी दिनभर बादल छाए रहने का अनुमान है और एक-दो दौर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

राजधानी में शनिवार को अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान जताया गया है।

13 सितंबर को भी बारिश की संभावना

रविवार, 13 सितंबर को झारखंड के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और मेघ गर्जन की संभावना बनी रहेगी। रांची में भी बारिश के आसार हैं। इस दिन राजधानी का अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

14 और 15 सितंबर को भी कई जगह बरसेंगे बादल

मौसम विभाग ने 14 और 15 सितंबर को राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। रांची में इन दोनों दिनों के दौरान बादल छाए रहने का अनुमान है।

इस दौरान राजधानी का अधिकतम तापमान लगभग 30 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान करीब 23 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।

अगले तीन दिनों में बढ़ेगा तापमान

मौसम केंद्र के अनुसार, 12 सितंबर के बाद अगले तीन दिनों के दौरान राज्य के अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि हो सकती है। बारिश की गतिविधियां बने रहने के बावजूद तापमान बढ़ने से उमस और गर्मी का प्रभाव बढ़ सकता है।

फिलहाल राज्य में मानसून का असर बना हुआ है और आने वाले दिनों में बारिश के साथ तापमान में बढ़ोतरी दोनों देखने को मिल सकती है।

Read more

Local News