रांची: झारखंड के राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) से जुड़े 11 हजार से ज्यादा कर्मचारियों के लिए राहत की खबर सामने आई है। राज्य सरकार मानदेय के आधार पर EPF से बाहर रह रहे कर्मचारियों को भी इस सुविधा के दायरे में लाने की तैयारी कर रही है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से नई व्यवस्था का प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया गया है।
NHM की समीक्षा बैठक में EPF पर हुई चर्चा
मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में NHM की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कर्मचारियों को मिलने वाले EPF के अलावा स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई।
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान व्यवस्था के तहत 15 हजार रुपये से कम मानदेय प्राप्त करने वाले NHM कर्मियों को EPF की सुविधा मिल रही है। वहीं, 15 हजार रुपये से अधिक मानदेय वाले कर्मचारी इस सुविधा से बाहर हैं।
इस व्यवस्था में बदलाव को लेकर अपर मुख्य सचिव ने अधिकारियों को प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया है। प्रस्ताव में 15 हजार रुपये की सीमा को आधार बनाते हुए इससे अधिक मानदेय पाने वाले NHM कर्मचारियों को भी EPF सुविधा से जोड़ने की बात शामिल की जाएगी। प्रस्ताव को मंजूरी मिलने पर राज्य के 11 हजार से अधिक कर्मियों को इसका लाभ मिलने की संभावना है।
NHM के 2026-27 बजट पर भी चर्चा
समीक्षा बैठक के दौरान वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए झारखंड NHM के प्रस्तावित 3,124.75 करोड़ रुपये के बजट की भी जानकारी दी गई। इसके साथ ही ममता वाहन के मौजूदा भुगतान की दर में संशोधन के लिए प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया।
प्रखंड स्तर पर तंबाकू नियंत्रण केंद्र की तैयारी
बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं को ग्रामीण और प्रखंड स्तर तक मजबूत करने के संबंध में भी कई निर्णयों पर चर्चा हुई। प्रखंड स्तर पर तंबाकू नियंत्रण केंद्र शुरू करने की योजना पर काम करने की बात कही गई।
इसके अलावा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (CHC) में आंखों की जांच की सुविधा शुरू करने की तैयारी है। इसके लिए आवश्यक जांच उपकरण उपलब्ध कराने और जरूरतमंद मरीजों को चश्मा उपलब्ध कराने की योजना पर भी चर्चा हुई।
कुष्ठ रोगियों के लिए सुविधाएं बढ़ाने पर जोर
स्वास्थ्य विभाग की बैठक में कुष्ठ रोगियों के लिए विशेष चप्पल और दिव्यांगता प्रबंधन से संबंधित सेवाओं को सदर अस्पताल तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों तक पहुंचाने पर भी विचार किया गया।
वहीं, NHM में कर्मचारियों की नई पद संरचना तैयार करने का निर्देश भी अधिकारियों को दिया गया है। सरकार का उद्देश्य स्वास्थ्य मिशन के तहत कार्यरत कर्मचारियों की सुविधाओं और राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाना है।
