Tuesday, August 18, 2026

Ramgarh News: विकास योजनाओं की डीसी ने की समीक्षा, अधिकारियों को समय पर काम पूरा करने का निर्देश.

Share

रामगढ़: जिले में चल रही विकास योजनाओं की प्रगति को लेकर मंगलवार को जिला स्तरीय डेवलपमेंट टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त ऋतुराज ने की। इस दौरान पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन और अब तक हुई प्रगति की विभागवार समीक्षा की गई।

विकास कार्यों में तेजी लाने पर जोर

बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं और लंबित प्रस्तावों की जानकारी प्रेजेंटेशन के माध्यम से उपायुक्त के सामने रखी गई। डीसी ने अधिकारियों से कहा कि विकास परियोजनाओं में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समयसीमा में काम पूरा करें।

उपायुक्त ने कहा कि रामगढ़ के विकास को बेहतर दिशा देना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए डीएमएफटी (District Mineral Foundation Trust) के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क, बुनियादी ढांचे, कौशल विकास और अन्य जनहित से जुड़े क्षेत्रों में योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

स्थानीय जरूरतों के आधार पर तैयार हों योजनाएं

ऋतुराज ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अपने-अपने क्षेत्रों की वास्तविक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए व्यावहारिक और जनोपयोगी प्रस्ताव तैयार करें। उन्होंने कहा कि योजनाओं के चयन और क्रियान्वयन में स्थानीय परिस्थितियों तथा आम लोगों की जरूरतों को प्राथमिकता मिलनी चाहिए।

बैठक में अलग-अलग विभागों में लंबित फाइलों और प्रस्तावों की भी समीक्षा की गई। डीसी ने संबंधित अधिकारियों को लंबित मामलों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

34 गांवों में प्रोजेक्ट समर्थ की भी समीक्षा

बैठक के दौरान जिले के पीवीटीजी (विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह) और अनुसूचित जनजाति समुदायों के समेकित विकास के लिए चयनित 34 गांवों में चल रहे प्रोजेक्ट समर्थ की प्रगति पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों से परियोजना के तहत अब तक किए गए कार्यों की जानकारी ली गई और आगे की गतिविधियों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में कई अधिकारी रहे मौजूद

डेवलपमेंट टास्क फोर्स की बैठक में उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल समेत विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी शामिल हुए। इसके अलावा प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी और अन्य संबंधित पदाधिकारी भी बैठक में उपस्थित रहे।

जिला प्रशासन का जोर अब विकास योजनाओं को समयबद्ध तरीके से जमीन पर उतारने और उनके माध्यम से लोगों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर है।

Read more

Local News