रांची: झारखंड सरकार के पथ निर्माण विभाग ने चार सहायक अभियंताओं को प्रोन्नति देने का निर्णय लिया है। विभागीय आदेश के तहत इन अधिकारियों को विभागीय एवं व्यावसायिक परीक्षा उत्तीर्ण करने की अनिवार्यता से छूट प्रदान की गई है।
प्रोन्नति पाने वाले अधिकारियों में अखिलेश प्रसाद, महेश कुमार सिंह, संजय प्रसाद और राम कुमार दास के नाम शामिल हैं। विभाग की ओर से इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी गई है।
अलग-अलग स्थानों पर तैनात हैं अधिकारी
अखिलेश प्रसाद वर्तमान में भवन निर्माण विभाग के भवन प्रमंडल, गिरिडीह में कार्यरत हैं। वहीं महेश कुमार सिंह पथ निर्माण विभाग के देवघर पथ अवर प्रमंडल-01 में पदस्थापित हैं।
संजय प्रसाद रांची स्थित पथ निर्माण विभाग में मुख्य अभियंता कार्यालय से जुड़े हुए हैं। जबकि राम कुमार दास खूंटी के एनआरईपी में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
राज्यपाल के आदेश से जारी हुई अधिसूचना
चारों अधिकारियों की प्रोन्नति और परीक्षा संबंधी छूट को लेकर विभाग ने अधिसूचना जारी की है। यह आदेश राज्यपाल के नाम और आदेश से सरकार के अवर सचिव राज किशोर प्रसाद चौहान की ओर से जारी किया गया है।
विभाग ने इस निर्णय की जानकारी संबंधित सरकारी विभागों और अधिकारियों को भी भेज दी है। इनमें मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव के अलावा ग्रामीण विकास विभाग, भवन निर्माण विभाग और महालेखाकार, झारखंड सहित अन्य संबंधित कार्यालय शामिल हैं।
