रांची: झारखंड विधानसभा में मंगलवार को सदन की कार्यवाही दोबारा शुरू होते ही सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली। करीब 12 बजे कार्यवाही शुरू होने के बाद सदन में जोरदार हंगामा होने लगा।
हंगामे के दौरान मंत्री इरफान अंसारी ने भाजपा विधायकों की ओर इशारा करते हुए कथित तौर पर ‘चंदा चोर’ के नारे लगाए। इस दौरान सदन में लगातार शोर-शराबा जारी रहा।
दोनों पक्षों के विधायक वेल में पहुंचे
स्थिति बिगड़ने के बाद सत्ता पक्ष और विपक्ष, दोनों ओर के विधायक सदन के वेल में पहुंच गए। सत्ता पक्ष की तरफ से मंत्री दीपिका पांडेय सिंह, इरफान अंसारी, शिल्पी नेहा तिर्की और योगेंद्र महतो समेत अन्य विधायक वेल में पहुंचे।
वहीं भाजपा समेत विपक्षी खेमे के विधायक भी वेल में आकर नारेबाजी करने लगे। हंगामे के बीच विपक्ष की ओर से भाजपा विधायक बाबूलाल मरांडी ने अपनी बात रखने की कोशिश की।
सदन में दोनों पक्षों के आमने-सामने आने से कुछ देर तक माहौल काफी गर्म रहा और कार्यवाही के दौरान शोरगुल बना रहा।
