Tuesday, August 11, 2026

धनबाद: गोविंदपुर थाना पहुंचे सिटी एसपी, लंबित मामलों की समीक्षा कर दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश.

Share

धनबाद: सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने मंगलवार को गोविंदपुर थाना का औचक निरीक्षण किया। बिना किसी पूर्व सूचना के एसपी के थाने पहुंचने से पुलिसकर्मियों में हलचल रही। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर की व्यवस्था, पुलिसकर्मियों की सुविधाओं और लंबित मामलों की स्थिति की जानकारी ली।

सिटी एसपी ने थाना परिसर में साफ-सफाई और रखरखाव का जायजा लेने के बाद बैरक, कार्यालय और अन्य कमरों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिसकर्मियों के रहने की व्यवस्था को देखा और परिसर की साफ-सफाई व रखरखाव में आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए।

लंबित मामलों के निपटारे पर जोर

निरीक्षण के दौरान सिटी एसपी ने थाने में लंबित कांडों की फाइलों की समीक्षा की। खासतौर पर लंबे समय से लंबित मामलों के बारे में थाना प्रभारी बिष्णु प्रसाद राउत से जानकारी ली गई। उन्होंने जांच में अनावश्यक देरी पर नाराजगी जताते हुए मामलों के जल्द निष्पादन का निर्देश दिया।

सिटी एसपी ने पुलिस पदाधिकारियों से कहा कि किसी भी केस को बिना उचित कारण लंबे समय तक लंबित नहीं रखा जाना चाहिए। जांच प्रक्रिया को गति देने के साथ शिकायतकर्ताओं और पीड़ितों की समस्याओं का समय पर समाधान सुनिश्चित करने पर भी उन्होंने जोर दिया।

सड़क दुर्घटना के मामलों की भी समीक्षा

निरीक्षण के दौरान सड़क हादसों से जुड़े मामलों की प्रगति पर भी चर्चा हुई। सिटी एसपी ने दुर्घटना से संबंधित मामलों में अनुसंधान और आवश्यक कार्रवाई को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।

इसके साथ ही लंबे समय से फरार वारंटियों की गिरफ्तारी को लेकर भी पुलिस अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए। उन्होंने थाना प्रभारी से फरार आरोपियों और वारंटियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाने तथा गिरफ्तारी में किसी तरह की ढिलाई नहीं बरतने को कहा।

आम लोगों की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई का निर्देश

सिटी एसपी ने पुलिसकर्मियों को थाने आने वाले लोगों की शिकायतों को गंभीरता से लेने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि आम लोगों की समस्याओं का समय पर समाधान होना चाहिए और पुलिस से संबंधित मामलों में अनावश्यक देरी से बचना जरूरी है।

औचक निरीक्षण के दौरान डीएसपी मुख्यालय-1 के कुमार बिनोद के अलावा गोविंदपुर थाना के एसआई और एएसआई सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

Read more

Local News