रांची: JPSC-JSSC अभ्यर्थी न्याय मंच के प्रतिनिधियों और राज्य सरकार के बीच शनिवार को वार्ता होने वाली है। मंच की ओर से सरकार के समक्ष अपनी मांगें रखने के लिए सात सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल का चयन किया गया है। जानकारी के मुताबिक, प्रतिनिधियों को शनिवार सुबह 10 बजे रांची स्थित राजकीय अतिथि शाला में बातचीत के लिए बुलाया गया है।
बताया जा रहा है कि बैठक के दौरान अभ्यर्थी जेपीएससी और जेएसएससी से संबंधित विभिन्न मांगों को सरकार के सामने रखेंगे। इसके अलावा भर्ती प्रक्रियाओं में कथित अनियमितताओं और अभ्यर्थियों की अन्य समस्याओं पर भी चर्चा होने की संभावना है।
सात सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल में कौन-कौन शामिल
सरकार से बातचीत के लिए चुने गए प्रतिनिधिमंडल में रामावतार महतो, दीनबंधु मंडल, चंदन कुमार, रवि शंकर, प्रेम कुमार, अमित कुमार और विमल कुमार शामिल हैं।
मंच से जुड़े अभ्यर्थियों के अनुसार, बैठक उनके लिए महत्वपूर्ण है। प्रतिनिधि भर्ती परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों, पारदर्शी प्रक्रिया और अभ्यर्थियों की लंबित मांगों को सरकार के समक्ष रखेंगे।
अब सभी की नजरें इस वार्ता पर टिकी हैं कि सरकार की ओर से अभ्यर्थियों की मांगों पर क्या आश्वासन या निर्णय सामने आता है।
