बहरागोड़ा: झारखंड में JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितता, पेपर लीक और धांधली के आरोपों को लेकर शुक्रवार शाम बहरागोड़ा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कालियाडिंगा ओवरब्रिज के नीचे से मशाल जुलूस निकाला गया।
प्रदर्शन में शामिल कार्यकर्ताओं और युवाओं ने राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने, पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने आरोप लगाया कि भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों के कारण राज्य के हजारों अभ्यर्थियों का भविष्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने सरकार से मामले की गंभीरता को देखते हुए जल्द प्रभावी कदम उठाने की मांग की।
विरोध कार्यक्रम में भाजपा के जिला महामंत्री बापतू साव, किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष श्रीवत्स घोष, भक्तिश्री पांडा, कवीन्द्रनाथ कुंडू, अपूर्व सुंदर दास, उत्पल कुमार पैरा, काजल महाकुड़, मिहिर दलाई सहित भाजपा और भाजयुमो के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
