मुंबई/हैदराबाद: बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘मिर्जापुर: द मूवी’ को लेकर दर्शकों का इंतजार अब जल्द खत्म होने वाला है। फिल्म का ट्रेलर 11 अगस्त को रिलीज किया जाएगा। इसके बाद फिल्म की स्टारकास्ट देश के कई शहरों में जाकर प्रमोशनल टूर करेगी।
हाल ही में मेकर्स ने फिल्म का टीजर जारी किया था, जिसे दर्शकों से शानदार प्रतिक्रिया मिली। टीजर में पंकज त्रिपाठी, अली फजल और दिव्येंदु शर्मा अपने चर्चित किरदारों में नजर आए। फिल्म में मिर्जापुर फ्रेंचाइजी की पहचान रहे जबरदस्त एक्शन, ड्रामा और रोमांच को बड़े पर्दे पर नए अंदाज में पेश करने की झलक दिखाई गई है।
फिल्म से जुड़े सूत्रों के अनुसार, ट्रेलर लॉन्च के बाद मेकर्स प्रमोशन अभियान को बड़े स्तर पर शुरू करने की तैयारी में हैं। इसके तहत फिल्म की टीम 7 से 8 शहरों का दौरा कर सकती है, जहां कलाकार फैंस से मुलाकात करेंगे और फिल्म को लेकर उत्साह बढ़ाएंगे।
फिल्म में पंकज त्रिपाठी, अली फजल और दिव्येंदु शर्मा के अलावा अभिषेक बनर्जी, रसिका दुग्गल, मोहित मलिक, शीबा चड्ढा, राजेश तैलंग, प्रमोद पाठक, श्रिया पिलगांवकर, हर्षिता शेखर गौड़, श्वेता त्रिपाठी और सोनल एस. चौहान जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे।
‘मिर्जापुर: द मूवी’ का निर्माण एक्सेल एंटरटेनमेंट के बैनर तले किया गया है। फिल्म को रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर ने प्रोड्यूस किया है, जबकि कासिम जगमागिया और विशाल रामचंद्रानी को-प्रोड्यूसर हैं। इसका निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है और कहानी पुनीत कृष्णा ने लिखी है।
एमेजॉन MGM स्टूडियोज और एक्सेल एंटरटेनमेंट द्वारा प्रस्तुत यह फिल्म 4 सितंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म को हिंदी के साथ तेलुगु भाषा में भी दर्शकों के लिए उपलब्ध कराया जाएगा।
