बाहा उरांव के मामले में अदालत ने विभाग का आदेश किया निरस्त; 1988 की कट-ऑफ डेट के आधार पर दावा खारिज करने पर उठाए सवाल
रांची। झारखंड हाईकोर्ट ने पेयजल एवं स्वच्छता विभाग में तीन दशक से अधिक समय तक काम करने वाले एक कर्मचारी को नियमित करने से इनकार करने के मामले में विभाग के फैसले को रद्द कर दिया है। न्यायमूर्ति दीपक रोशन की अदालत ने कहा कि लंबे समय तक सेवा लेने के बाद कर्मचारी के नियमितीकरण के दावे को मनमाने तरीके से खारिज करना उचित नहीं है।
मामला रांची के कांके रोड निवासी बाहा उरांव से जुड़ा है। वह जून 1989 से पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के स्वर्णरेखा वितरण प्रमंडल में ‘कीमैन-कम-वाचमैन’ के पद पर लगातार कार्यरत हैं। उन्होंने सेवा नियमित करने और पुरानी पेंशन योजना का लाभ देने की मांग को लेकर हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की थी। उनकी ओर से अधिवक्ता शशांक शेखर ने पक्ष रखा।
1988 की कट-ऑफ डेट का दिया गया था हवाला
विभाग ने 11 जुलाई 2022 को बाहा उरांव का नियमितीकरण संबंधी दावा खारिज कर दिया था। इसके पीछे दलील दी गई थी कि नियमितीकरण का लाभ केवल उन कार्यभारित कर्मचारियों को मिल सकता है, जिनकी नियुक्ति 1 जनवरी 1988 से पहले हुई हो।
इस फैसले को चुनौती देते हुए याचिकाकर्ता ने हाईकोर्ट का रुख किया। सुनवाई के दौरान अदालत ने विभाग के इस तर्क पर सवाल उठाए।
दूसरे कर्मचारियों के नियमितीकरण का भी दिया हवाला
अदालत के समक्ष यह तथ्य आया कि जिला स्थापना समिति के निर्णय के आधार पर विभाग ने ऐसे अन्य कर्मचारियों की सेवाएं भी नियमित की थीं, जिन्होंने पांच साल की सेवा पूरी कर ली थी। इनमें 1 जनवरी 1988 के बाद नियुक्त कर्मचारी भी शामिल थे।
हाईकोर्ट ने कहा कि जब समान परिस्थितियों में नियुक्त दूसरे कर्मचारियों को नियमितीकरण का लाभ दिया गया, तो केवल बाहा उरांव के मामले में 1988 की कट-ऑफ तारीख लागू कर उनका दावा खारिज करना मनमाना है। अदालत ने इसे संविधान के अनुच्छेद 14 में दिए गए समानता के अधिकार के विपरीत माना।
इसी आधार पर कोर्ट ने विभाग के उस आदेश को निरस्त कर दिया, जिसके जरिए याचिकाकर्ता का नियमितीकरण संबंधी दावा खारिज किया गया था।
