गिरिडीह: झारखंड में जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर भाजपा राज्यव्यापी आंदोलन तेज करने की तैयारी में है। शनिवार को गिरिडीह के अशोका इंटरनेशनल होटल में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू की अध्यक्षता में पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक हुई। इसमें संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा के साथ आगामी कार्यक्रमों और राज्य के विभिन्न जनहित के मुद्दों पर चर्चा की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि भाजपा 26 नवंबर को संविधान गौरव दिवस मनाएगी।
संविधान और बाबा साहेब के योगदान को जनता तक पहुंचाएगी भाजपा
बैठक के बाद प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने प्रेस ब्रीफिंग में पार्टी के आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भाजपा चरणबद्ध तरीके से संगठनात्मक और जनसंपर्क अभियान चलाएगी।
26 नवंबर को संविधान गौरव दिवस के अवसर पर बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के योगदान, संविधान के प्रति भाजपा की प्रतिबद्धता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा एवं जनकल्याण के 25 वर्षों की जानकारी जनता तक पहुंचाई जाएगी। इसके साथ ही कांग्रेस के शासनकाल में संविधान के कथित उल्लंघन के मुद्दे भी उठाए जाएंगे।
कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार पर साधा निशाना
अमर बाउरी ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए महिला अत्याचार की घटनाओं, गम्हरिया थाना प्रकरण, सुंदरपहाड़ी और सिमडेगा से जुड़े मामलों, निशा भगत आत्महत्या प्रकरण तथा गिरिडीह बैंक डकैती का उल्लेख किया।
उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक है और सरकार जनसमस्याओं पर ध्यान नहीं दे रही है।
जेपीएससी-जेएसएससी अभ्यर्थियों के मुद्दे पर भाजपा का समर्थन
प्रदेश महामंत्री ने जेपीएससी और जेएसएससी-सीजीएल की कथित अनियमितताओं के खिलाफ आंदोलन कर रहे छात्रों का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शनकारी छात्रों पर हमले किए जा रहे हैं और विरोध-प्रदर्शनों को रोकने के लिए प्रशासनिक तंत्र का दुरुपयोग हो रहा है।
बाउरी ने कहा कि छात्रों के अधिकारों की लड़ाई में भाजपा उनके साथ खड़ी है। महिला सुरक्षा, छात्र हित और भ्रष्टाचार के मुद्दों पर पार्टी का संघर्ष जारी रहेगा।
एमएमडीआर विशेष सत्र, एसआईआर और ईवीएम पर भी चर्चा
बैठक में 25 और 26 नवंबर को बुलाए गए एमएमडीआर से जुड़े विशेष विधानसभा सत्र पर भी सवाल उठाए गए। अमर बाउरी ने खनिजों की कथित अवैध तस्करी, एसआईआर के विरोध और ईवीएम को लेकर कांग्रेस के रुख की आलोचना की।
उन्होंने कहा कि बैठक में 27 हजार करोड़ रुपये से अधिक की कथित वित्तीय अनियमितताओं, वृद्धा एवं दिव्यांग पेंशन तथा छात्रवृत्ति के लंबित भुगतान जैसे मुद्दों पर भी चर्चा हुई।
भाजपा ने इन मामलों को लेकर सरकार पर जनसमस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया। पार्टी नेताओं ने कहा कि महिला सुरक्षा, छात्रों के अधिकार और भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन जारी रखा जाएगा।
बैठक में कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद
बैठक का उद्घाटन दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस दौरान डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर माल्यार्पण भी किया गया।
बैठक में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन कुमार साय, प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, बालमुकुंद सहाय, सुनील सोरेन और गीता कोड़ा मौजूद रहे।
इसके अलावा प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा, अमर कुमार बाउरी और मनोज सिंह, प्रदेश मंत्री दिलीप वर्मा सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी भी शामिल हुए।
