बोकारो: ललपनिया स्थित श्यामली गेस्ट हाउस में लुगुबुरु घंटाबाड़ी राजकीय महोत्सव-2026 की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन की बैठक हुई। उपायुक्त अजय नाथ झा की अध्यक्षता में हुई बैठक में जिला स्तरीय पदाधिकारियों, आयोजन समिति के सदस्यों और टीटीपीएस प्रबंधन के प्रतिनिधियों ने तैयारियों की समीक्षा की।
22 से 24 नवंबर तक होगा महोत्सव
उपायुक्त ने बताया कि लुगुबुरु घंटाबाड़ी महोत्सव 22, 23 और 24 नवंबर को तीन दिवसीय आयोजित होगा। महोत्सव में श्रद्धालुओं का आगमन पहले से शुरू हो जाता है। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रस्तावित आगमन को देखते हुए संबंधित विभागों को सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश दिया गया।
उन्होंने कहा कि लुगुबुरु घंटाबाड़ी धर्म महासम्मेलन संथाल आदिवासी समाज की धार्मिक आस्था, संस्कृति और परंपराओं से जुड़ा महत्वपूर्ण आयोजन है। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, सम्मान और सुगम आवागमन प्रशासन की प्राथमिकता रहेगी।
18 नवंबर तक पूरे होंगे सौंदर्यीकरण के काम
डीसी ने महोत्सव परिसर और आसपास के क्षेत्रों में रंग-रोगन, मरम्मत और सौंदर्यीकरण के कार्य 18 नवंबर तक पूरा करने का निर्देश दिया। धार्मिक एवं दर्शनीय स्थलों पर साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी और जरूरी मरम्मत सुनिश्चित करने को कहा गया।
सीता नाला झरना समेत अन्य धार्मिक स्थलों की सफाई और सौंदर्यीकरण कराने के साथ चट्टानों एवं धार्मिक स्थलों पर अनधिकृत रूप से लिखे नाम और प्रचार सामग्री हटाने का निर्देश दिया गया। दुर्घटना संभावित स्थानों की पहचान कर मजबूत बैरिकेडिंग तथा फिसलन वाले रास्तों को सुरक्षित बनाने पर भी जोर दिया गया।
श्रद्धालुओं के लिए परिवहन और सुविधाओं पर जोर
बैठक में बसों के ठहराव और संचालन के लिए अलग व्यवस्था तय करने तथा प्रमुख मार्गों पर अनावश्यक बसों की आवाजाही नियंत्रित करने की बात कही गई। रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड से महोत्सव स्थल तक श्रद्धालुओं के लिए पर्याप्त बसों की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार ने मेडिकल कैंप, एंबुलेंस, पेयजल, भोजन वितरण, पार्किंग, शौचालय समेत अन्य सुविधाओं के लिए समन्वित रोडमैप तैयार करने को कहा। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और शहर के प्रमुख स्थानों पर बड़े सूचना पट एवं फ्लेक्स लगाने का भी निर्देश दिया गया।
बैठक में अपर समाहर्ता सुनील चन्द्र, डीपीएलआर पूर्णिमा कुमारी, एसडीओ चास प्रांजल ढांडा, एसडीओ बेरमो मनोज कुमार समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी, गोमिया, पेटरवार और बेरमो के बीडीओ-सीओ, आयोजन समिति के सदस्य तथा टीटीपीएस प्रबंधन के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
