लातेहार | BHARATSUPERFASTNEWS | 10 नवंबर 2026: छठ महापर्व को लेकर घाटों की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में सशस्त्र सीमा बल (SSB) की 32वीं बटालियन के जवानों ने मंगलवार सुबह शहर के औरंगा नदी स्थित मुख्य छठ घाट पर श्रमदान किया। कमांडेंट के निर्देश पर पहुंचे जवानों ने नदी किनारे की बालू को समतल किया, ताकि छठ व्रतियों को पूजा-अर्चना के लिए सुविधाजनक स्थान मिल सके।
जवानों ने पूरे उत्साह के साथ घाट की व्यवस्था दुरुस्त करने में सहयोग किया। उनके इस प्रयास की श्रीसूर्यनारायण पूजा समिति ने सराहना की।
समिति के अध्यक्ष सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि SSB जवानों ने श्रमदान कर छठ घाट को व्रतियों के अनुकूल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि जवान देश की सीमाओं की सुरक्षा के साथ-साथ सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने कहा कि इस तरह की पहल से सुरक्षा बलों और आम लोगों के बीच आपसी विश्वास, सहयोग और सामंजस्य की भावना मजबूत होती है। इस अवसर पर पूजा समिति के कई सदस्य मौजूद रहे।
