पटना: बिहार में ब्राह्मण समाज को लेकर दिए गए बयान के बाद राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर और पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव इस मुद्दे पर आमने-सामने आ गए हैं। प्रशांत किशोर की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए पप्पू यादव ने कहा कि ब्राह्मण समाज को निशाना बनाना और अपशब्द कहना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि जनमत तैयार करने में इस समाज की हमेशा महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
दरभंगा में प्रशांत किशोर ने क्या कहा था?
दरअसल, दरभंगा जिले में एक कार्यक्रम के दौरान प्रशांत किशोर से उनकी पार्टी की ओर से ब्राह्मण समाज के उम्मीदवार को चुनाव मैदान में उतारने की मांग की गई थी। इस पर उन्होंने कहा कि संबंधित इलाके में पहले से ही ब्राह्मण विधायक मौजूद हैं और सांसद भी ब्राह्मण हैं। इसके बावजूद समाज के लोगों की स्थिति में अपेक्षित सुधार क्यों नहीं हुआ?
इस दौरान प्रशांत किशोर ने मिथिला के ऐतिहासिक और शैक्षणिक महत्व का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि मिथिला कभी विद्वानों की धरती के रूप में पहचानी जाती थी, लेकिन अब यह क्षेत्र मजदूरों की धरती बनता जा रहा है।
पप्पू यादव ने दिया जवाब
प्रशांत किशोर के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए सांसद पप्पू यादव ने कहा कि ब्राह्मण समाज के लोगों ने हमेशा समाज की दिशा तय करने और जनमत तैयार करने में अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने इस समुदाय को बुद्धिजीवी और जागरूक वर्ग बताते हुए कहा कि उसकी सामाजिक उपयोगिता और बौद्धिक योगदान को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
पप्पू यादव ने कहा कि ब्राह्मणवाद की आलोचना के नाम पर पूरे ब्राह्मण समाज के खिलाफ टिप्पणी करना या अपशब्दों का इस्तेमाल करना उचित नहीं है।
जाति के चश्मे से नहीं देखनी चाहिए बिहार की राजनीति
मीडिया से बातचीत के दौरान पप्पू यादव ने बिहार की राजनीति को केवल जातिगत नजरिये से देखने पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि किसी एक समुदाय को निशाना बनाने के बजाय सभी वर्गों को साथ लेकर चलने की जरूरत है।
उनके मुताबिक, बिहार का समग्र विकास तभी संभव है, जब समाज के सभी वर्गों को उचित प्रतिनिधित्व मिले और उनकी भागीदारी सुनिश्चित की जाए।
प्रशांत किशोर के बयान और पप्पू यादव की प्रतिक्रिया के बाद बिहार में जातीय प्रतिनिधित्व, सामाजिक स्थिति और राजनीतिक भागीदारी को लेकर नई चर्चा शुरू हो गई है।
